बस्ती। स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय में अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। होम्योपैथिक विभाग में फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन और कृषि विभाग में एजीटीए के पद पर जिले के युवक व युवतियों का चयन हुआ है।
ज्चाइनिंग लेटर के वितरण का मुख्य कार्यक्रम लखनऊ में होगा जबकि जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित कर ज्वाईनिंग लेटर का वितरण किया जाएगा। ज्वाईनिंग लेटर प्राप्त करने से पहले स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। सबसे ज्यादा होम्योपैथिक विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर जिले के 34 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इन सभी का मेडिकल सीएमओ कार्यालय से निर्गत होना है। होम्यौपैथिक विभाग, जनपद बस्ती में फार्मासिस्ट के कुल 20 पद हैं, जिसमें से पांच पद रिक्त चल रहा है। इसी पांच पद को चयनित अभ्यर्थियों से भरा जाना है, शेष को दूसरे जिलों में भेजा जाएगा। जो 34 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं उनमें तीन महिला हैं। माना जा रहा है कि महिलाओं को अपने ही जिले में नौकरी का अवसर मिलेगा। स्वास्थय विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर 11 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसी प्रकार कृषि विभाग में एजीटीए के पद पर भी अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। मेडिकल के लिए आवेदन करने वालों से जिला अस्पताल जाकर चिकित्सकों से जांच कराने के लिए कहा जा रहा था। इसके अलावा कुछ पैथौलॉजी जांच भी कराई जा रही थी। जांच में स्वस्थ पाए जाने पर मेडिकल प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। देर शाम तक अभ्यर्थियों की भीड़ सीएमओ कार्यालय में जमा रही। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि क्रमवार सभी का प्रमाण पत्र बनवाया गया।