Basti News: एटीएम लूट कांड के तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस को कई दिनों से थी तलाश
मुनफैद के अनुसार वह खालिद, रेहान और मुबारक उर्फ मुब्बा उर्फ लंगड़ा के साथ नौ जनवरी को सुबह हरियाणा से एटीएम काटकर चोरी करने की फिराक में चले थे। कार मुब्बा की थी। अयोध्या तक रेकी करते आए लेकिन गार्ड और पुलिस के मौजूद रहने की वजह से घटना नहीं कर पाए। वहां से सहनजवा तक रेकी करते गए लेकिन कामयाब नहीं हुए।
विस्तार
कप्तानगंज में एटीएम काटकर 20 लाख 37 हजार रुपये चोरी करने वाला गिरोह हरियाणा का निकला। बृहस्पतिवार को तड़के छावनी थाने और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से घिरने के बाद बदमाशों ने फायर झोंक दिया।
इसमें एक गोली एसओ छावनी को लगी। मगर बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से वह बच गए। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से दो लाख एक हजार चार सौ रुपये, कार, गैस कटर आदि बरामद किए गए हैं। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार दिया है।
एसपी ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि बृहस्पतिवार को भोर में साढ़े चार बजे एसओ छावनी दुर्गेश कुमार पांडेय को सूचना मिली कि कार में सवार कुछ बदमाश कस्बे में एटीएम काटकर चोरी की फिराक में हैं। एसओजी प्रभारी रोहित उपाध्याय भी अपनी टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस को देख बदमाश भागने लगे। अमौली गांव के पास मुठभेड़ हो गई। इसमें मुनफैद खां निवासी बैन्सी थाना व जनपद नूह हरियाणा के पैर में गोली लग गई। उसके साथ उसका भाई मुकीम और रुस्तम निवासी धुनैला थाना भोड़सी जनपद गुड़गांव हरियाणा भी पकड़ा गया।
कार की तलाशी में दो लाख एक हजार रुपये, एक ऑक्सीजन सिलिंडर, छोटा गैस सिलिंडर, पाइप, कन्वर्टर/रेगुलेटर, कटर, छीनी, हथौड़ा, सब्बल और काला पेंट स्प्रे बरामद किया गया। घायल मुनफैद ने बताया कि 21 जनवरी को वह बाराबंकी में एक रिश्तेदार की सगाई में आया था। वहां से फिर एटीएम काटने की फिराक में फैजाबाद आया। वहां अपने भाई मुकीम और रुस्तम को बुला लिया। तीनों कोई एटीएम काटने की जुगत लगाते हुए छावनी पहुंचे। जहां पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
खालिद है गिरोह का सरगना
पूछताछ में घायल मुनफैद ने बताया कि उसके गिरोह के लोग योजनाबद्ध तरीके से विभिन्न प्रदेशों में एटीएम काटकर उसमें से पैसे चोरी करते हैं। गिरोह में खालिद, रेहान और मुबारक उर्फ मुब्बा उर्फ लंगड़ा निवासी उटावड़ जिला पलवल हरियाणा भी शामिल हैं। खालिद ही बाकी दोनों को लेकर आता था। एसपी ने बताया कि पुलिस को अभी खालिद, रेहान और मुब्बा की तलाश है। 10 जनवरी को घटना को अंजाम देने में मुनफैद सहित इन्हीं चारों ने मिलकर 20 लाख 36 हजार रुपये चोरी की थी।
इस तरह की रेकी
मुनफैद के अनुसार वह खालिद, रेहान और मुबारक उर्फ मुब्बा उर्फ लंगड़ा के साथ नौ जनवरी को सुबह हरियाणा से एटीएम काटकर चोरी करने की फिराक में चले थे। कार मुब्बा की थी। अयोध्या तक रेकी करते आए लेकिन गार्ड और पुलिस के मौजूद रहने की वजह से घटना नहीं कर पाए। वहां से सहनजवा तक रेकी करते गए लेकिन कामयाब नहीं हुए। इस दौरान कप्तानगंज के एटीएम को चिह्नित किया। वापस आते समय रात को अलग-अलग ढाबों पर रुककर रात बिताई।
10 जनवरी को सुबह साढ़े पांच बजे एटीएम कप्तानगंज के पास पहुंचे। काफी घना कोहरा और सुनसान रास्ते को देखकर वहां गैस कटर से मशीन कटकर रुपये निकाले और वहां मौजूद कागज व पर्चियां जलाकर कार से फरार हो गए। साढ़े चार लाख रुपये उसे हिस्सा मिला था। बाकी रुपये खालिद रेहान और मुब्बा ले लिए थे। उन्हीं रुपयों में से दो लाख एक हजार रुपये बरामद हुए हैं। इससे पहले बाराबंकी में भी एटीएम काटने का प्रयास कर चुके हैं।
इस टीम को मिला 25 हजार इनाम
कार में फिट रखते हैं सिलेंडर
पूछताछ में पता चला कि इस गिरोह के लोग अपनी कार में हमेशा ऑक्सीजन सिलिंडर, एलपीजी छोटा सिलिंडर फिट करके चलते हैं। कार में पेंट स्प्रे, सब्बल, छेनी, हथौड़ी आदि भी रखते हैं। ये लोग कैमरे पर पेंट स्प्रे करने के बाद कार एटीएम से काफी करीब ले जाकर खड़ी करते हैं। ताकि सिलिंडर उतारकर ले जाने के बजाय कार से ही पाइप के जरिए मशीन काटने में गैस का इस्तेमाल कर सकें।