योगी आज भोजीपुरा मेंः सीएम के आने-जाने के दौरान बरेली से भोजीपुरा के बीच बंद हो जाएगा ट्रैफिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भोजीपुरा में किसान सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान नैनीताल रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इसके तहत सुबह आठ से शाम पांच बजे तक भारी वाहनों को बरेली से भोजीपुरा के बीच नहीं गुजरने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के दौरान इस रोड पर कुछ देर के लिए पूरी तरह यातायात बंद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को सुबह 11:40 बजे राजकीय वायुयान से त्रिशूल हवाई अड्डे पर उतरेंगे जहां से उनका काफिला हवाई अड्डे के बैरियर वन वाले गेट से निकलकर नैनीताल हाईवे पर गुजरते हुए दोहना टोल प्लाजा के पास कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक नैनीताल हाईवे पर करीब पांच किमी पर सीएम का काफिला गुजरेगा। इस दौरान पुलिस करीब पांच मिनट के लिए पूरी तरह यातायात रुकवा देगी। एसएसपी ने बताया कि इस व्यवस्था से शहर के यातायात पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार बाजपेई ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान नैनीताल रोड पर जाम लगने की आशंका को पूरी तरह खत्म करने के लिए भारी वाहनों का रूट परिवर्तित किया गया है। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक भारी वाहनों को बदले हुए रास्ते से गुजारा जाएगा।
नैनीताल रोड पर ऐसे होगा डायवर्जन
-
लखनऊ और बरेली से बहेड़ी और नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन पीलीभीत रोड से हाफिजगंज, सेंथल से जादौंपुर होकर नैनीताल रोड पर निकाले जाएंगे।
-
नैनीताल और बहेड़ी से बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ और बदायूं की ओर आने वाला यातायात जादौंपुर, सेंथल से हाफिजगंज होकर निकलेगा।
-
मीरगंज और रामपुर से बहेड़ी और नैनीताल की ओर से जाने वाले वाहन धनेटा फाटक, शाही से शेरगढ़ होकर निकाले जाएंगे।
-
बहेड़ी और नैनीताल से फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज व रामपुर की ओर जाने वाले वाहन शेरगढ़, शाही व धनेटा फाटक होकर जाएंगे।
-
बदायूं की ओर से लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बहेड़ी व नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन रामगंगा तिराहा से बुखारा मोड़ होकर फरीदपुर आएंगे-जाएंगे।
नैनीताल रोड से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी पुलिस तैनात
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान नैनीताल हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर भी पुलिस तैनात की जाएगी। फ्लीट गुजरने के दौरान इन मार्गों पर भी वाहनों को थोड़ी देर रोका जाएगा। काफिला निकलने के बाद इन्हें आगे बढ़ा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की वजह से यातायात डायवर्जन किया गया है। पुलिस का प्रयास रहेगा कि लोगों को परेशानी न हो, लोगों को भी बदले हुए रास्तों का इस्तेमाल करके व्यवस्था बनाने में सहयोग देना चाहिए। - संजीव कुमार बाजपेई, एसपी यातायात