Bareilly: पानी की टंकी पर चढ़ी महिला ने किया हंगामा, बैकफुट पर आया तहसील प्रशासन, डेढ़ घंटे में आदेश जारी
बरेली के बहेड़ी में मंगलवार को एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। उसने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने उसके पिता की जमीन फर्जीवाड़ा कर नामांतरण करा ली। महिला ने तहसीलदार पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है।
विस्तार
बरेली जिले में बहेड़ी तहसीलदार के न्यायालय में एक ऐसी महिला की तरफ से नामांतरण वाद दायर कर जमीन नाम करा ली गई जो पहले ही मर चुकी थी। फर्जीवाड़े से नाराज उसकी दूसरी बहन ने जब ओवरहेड टैंक पर चढ़कर हंगामा किया तो तहसील प्रशासन बैकफुट पर आ गया। डेढ़ घंटा चले हंगामे के बाद तहसीलदार ने सही आदेश जारी कर दिया।
इज्जतनगर के त्रिलोक विहार निवासी जयश्री गंगवार मंगलवार दोपहर तहसील के पास ओवरहेड टैंक पर चढ़ गई। हंगामा करने लगी। एसडीएम और तहसीलदार समेत पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाकर नीचे उतारा। जयश्री ने बताया कि उनके भाई अर्जित की 2016 में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। भाई की मौत के बाद उनके पिता वीरेंद्र की मानसिक हालत बिगड़ने लगी।
कई अस्पतालों में उनका इलाज कराया गया। इसका फायदा उठाकर जयश्री की बड़ी बहन दिवंगत माधुरी के ससुर भरतौल निवासी पोशाकीलाल और जाजूनगर निवासी गंगाधर, उनके पिता वीरेंद्र को 2017 में कार में डालकर ले गए। पोशाकी ने उनसे अपने पौत्र के नाम एक वसीयत करा ली। वर्ष 2025 में पिता वीरेंद्र कुमार की मौत हो गई।
महिला ने लगाया ये आरोप
बताया कि चार अप्रैल 2026 को वसीयत के जरिये जयश्री की बहन इंद्रा देवी की ओर से बहेड़ी तहसीलदार न्यायालय में नामांतरण का वाद दायर किया गया। इसमें पोशाकीलाल के पौत्र देवांश का नाम खतौनी में दर्ज कराने के आदेश कर दिए गए। खास बात यह है कि इंद्रा देवी की मौत 2024 में हो चुकी थी। जयश्री का आरोप है कि इंद्रा देवी का फर्जी अंगूठा लगाकर और उसके प्रपत्रों का इस्तेमाल कर जमीन नाम करा ली गई।
जयश्री ने बहेड़ी तहसीलदार, डीएम और बहेड़ी पुलिस से शिकायत की गई लेकिन आरोपियों के रसूखदार होने के कारण जांच के नाम पर कार्रवाई लटका दी गई। जयश्री ने तहसीलदार पर गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए तो एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे टंकी से उतरवा लिया।
फजीहत के बाद जारी किया संशोधित आदेश
जयश्री के मुताबिक वह कई महीनों से तहसील के चक्कर काट रही थीं लेकिन जांच के नाम पर टरका दिया गया था। परेशान होकर जब वह मंगलवार को पानी की टंकी पर चढ़ी तो फजीहत होने पर तत्काल त्रुटिपूर्ण कागजों का हवाला देकर इंद्रा देवी की ओर से दायर किए गए वाद की पूरी कार्रवाई को निरस्त कर सही आदेश जारी कर दिया गया।
यूट्यूबर हैं जयश्री
जयश्री गंगवार बरेली के इज्जतनगर इलाके की निवासी हैं और यूट्यूब व सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर सक्रिय रहती हैं। उनके शिक्षक पति के कथित अपहरण का मामला भी दो साल पहले काफी सुर्खियों में रहा और बाद में नाटकीय ढंग से वह घर आ गए। सास ससुर से विवाद और इसी तरह की अन्य रील दंपती बनाकर शेयर करते रहते हैं।
एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा ने बताया कि मुझे नहीं पता कि पहले से क्या मामला चल रहा है। मैं एक महीने पहले बहेड़ी में तैनात हुआ था। जयश्री ने एक बार मुझसे शिकायत की तो मैंने तहसीलदार से तत्काल फोन पर बात कर मामला निपटने तक जमीन की खरीद फरोख्त पर रोक लगा दी। जयश्री के अधिवक्ता की ओर से दिए गए कागजात से भ्रम की स्थिति बनी जिसमें इंद्रा देवी का अंगूठा लगा था। दोनों पक्ष के वकीलों ने अब मामले को सुलझा लिया है। संशोधित आवेदन पर संशोधित आदेश जारी किया गया जिससे सब संतुष्ट हैं।