Weather Update: बरेली मंडल में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, टमाटर समेत सब्जियों को नुकसान, गेहूं को फायदा
बरेली मंडल में बुधवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे तक बंद नहीं हुई। बारिश से सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा है। हालांकि गेहूं के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली भी गुल रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जनवरी का महीना कोहरे में बीता। फरवरी की शुरुआत बारिश के साथ हुई। बरेली में बुधवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे तक बंद नहीं हुई। बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जिलों में भी ऐसा ही हाल रहा। कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश हुई। तराई का जिला लखीमपुर खीरी भी बारिश से तर हो गया। बारिश के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं शहरों में निर्माण कार्यों के चलते लोगों को कीचड़ से गुजरना पड़ा। बेमौसम बारिश से जहां टमाटर समेत अन्य सब्जियों को नुकसान हुआ है, वहीं गेहूं की फसल के लिए फायदा बताया जा रहा है।
बरेली में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन में चटख धूप से लोगों को राहत मिली। शाम को बादल छाने लगे। देर रात बूंदाबांदी हुई। बृहस्पतिवार तड़के बारिश शुरू हो गई। दोपहर दो बजे तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली गुल रही। सुबह न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियम दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 17 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। ओलावृष्टि भी हो सकती है।
खोदी गई सड़कों पर चलना मुश्किल
शाहजहांपुर में रात से बृहस्पतिवार सुबह तक रुक रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के मुताबिक एक एमएम बारिश हुई है। न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बारिश के कारण शहर में सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया। कई जगह फॉल्ट आने से बिजली संकट गहरा गया। सुबह बिजली नदारद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं फसलों के लिए बारिश ठीक बताई जा रही है।
बदायूं में कहीं बारिश तो कहीं बूंदाबांदी
बदायूं में रात करीब साढ़े 12 बजे बारिश शुरू हो गई जो सुबह दस बजे तक जारी रही। कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हुई। जिले के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी का क्रम चलता रहा। इससे कई इलाकों की बिजली व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। दबतोरी क्षेत्र में रात से ही बिजली गुल हो गई। करेंगी फीडर से जुड़े दो दर्जन गांव अंधेरे में डूबे रहे।
बारिश से ललुआनगला, परसिया आदि जगहों पर आलू और टमाटर की फसलों को नुकसान पहुंचा। जिला कृषि अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि बारिश होने से कोहरे का प्रभाव कम हो गया है। ऐसे में मौसम साफ होने की उम्मीद है। इस बारिश से गेहूं की फसल को काफी फायदा पहुंचा है। हालांकि सरसों की फसल को नुकसान की संभावना है, क्योंकि बारिश होने से उनके फूल झड़ सकते हैं। बारिश के कारण सड़कों पर भी जलभराव हो गया।