Bareilly News: दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने युवती को बाइक पर बैठाकर की छेड़खानी, विरोध करने पर फेंका
बरेली में लिफ्ट देने के बहाने शाहजहांपुर की युवती को दो युवकों ने बाइक पर बैठा लिया। दोनों ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे फरीदपुर में आईसीसी बैंक के सामने फेंक दिया और फरार हो गए।
विस्तार
बरेली में लिफ्ट देने के बहाने शाहजहांपुर की युवती को बाइक पर बैठाने के बाद युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर वे युवती को फरीदपुर में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। युवती को कई जगह चोटें आई हैं। घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने जब आरोपियों को थाने बुलाया तो पता चला कि दोनों पक्ष पहले से परिचित हैं। युवती तहरीर दिए बिना ही चली गई। इसके बाद आरोपियों को भी छोड़ दिया गया।
शाहजहांपुर के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती सोमवार को किसी काम से बरेली आई थी। काम निपटाने के बाद वह सेटेलाइट पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रही थी। युवती का आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए। उन्होंने शाहजहांपुर तक जाने की बात कहकर उसे बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में आरोपियों ने उससे छेड़खानी की।
सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना
विरोध करने पर फरीदपुर में आईसीआईसीआई बैंक के सामने चलती बाइक से उसे फेंक दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। वहां मौजूद लोग घायल युवती को लेकर थाने पहुंचे। युवती ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जब बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो दो युवक बाइक से युवती को फेंकते दिख रहे हैं।
पुलिस ने युवती के पिता को कॉल कर थाने बुलाया। आरोपी युवक भी थाने पहुंच गए। तब पता चला कि युवती और आरोपी पहले से परिचित हैं। युवती ने कार्रवाई कराने से भी इन्कार कर दिया। इसके बाद वह तहरीर दिए बिना ही थाने से चली गई।
फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि युवती के परिजनों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह चलती बाइक से गिर गई होगी। सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिली है। मौके पर जो लोग मौजूद थे वही सीसीटीवी फुटेज देखने का दावा कर रहे हैं।