बरेली में नाबालिग से दरिंदगी: दो युवकों ने किशोरी से किया दुष्कर्म, हाथ-पैर बांधकर ट्रॉली के नीचे फेंका
Bareilly News: बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बेहोश होने पर आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और ट्रॉली के नीचे डालकर फरार हो गए। इस मामले में दो नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में नानी के घर आई किशोरी को बृहस्पतिवार आधी रात में बाहर ले जाकर दो युवकों ने दुष्कर्म किया। इस दौरान वह बेहोश हो गई तो दोनों युवक उसके हाथ-पैर बांधकर ट्रॉली के नीचे डाल गए। पुलिस ने किशोरी को वहां से निकालकर बंधनमुक्त कराया। तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर महिला समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
क्योलड़िया थाना क्षेत्र की महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 15 वर्षीय बेटी फरीदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी नानी के घर गई थी। बृहस्पतिवार रात वह घर में सो रही थी। रात में किसी वक्त पड़ोस की महिला उसको घर के बाहर ले गई। वहां महिला ने उनकी बेटी को अर्जुन व उसके एक साथी के हवाले कर दिया। दोनों उसे जबरन खेतों की तरफ ले गए। वहां दोनों ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान बेटी बेहोश हो गई तो आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांधकर ट्रॉली के नीचे डाल दिया और फरार हो गए।
सात किमी दूर थाना, तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस
इस मामले में भी फतेहगंज पूर्वी की घटना की तरह पुलिस की लापरवाही सामने आई। पीड़ित परिवार के मुताबिक यूपी 112 को सूचना देने के बाद फरीदपुर थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। यूपी 112 पुलिस तो आई पर थाना पुलिस करीब तीन घंटे बाद शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची। यह हाल तब है जबकि घटनास्थल से फरीदपुर थाने की दूरी केवल सात किमी ही है।
पुलिस ने खोले हाथ पैर, वीडियो भी बनाया
रात में जब घरवालों की आंख खुली तो उन्होंने किशोरी की तलाश शुरू की। तड़के सवा तीन बजे वह ट्रॉली के नीचे बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रॉली के नीचे पड़ी किशोरी के फोटो खींचे और उसके हाथ-पैर खोले।
काफी देर बाद किशोरी को होश आया। तब उसने परिजनों को घटना के बारे में बताया। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला व अर्जुन के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अर्जुन व उसका अज्ञात साथी फरार हैं।