एनई रेलवे के एजीएम ने किया इज्जतनगर मंडल के स्टेशनों का निरीक्षण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबन्धक पीएन राय ने अपने एक दिवसीय इज्जतनगर मण्डल के दौरे के अन्तर्गत बरेली सिटी एवं इज्जतनगर रेलवे स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रदान की जा रहीं यात्री सुख-सुविधाओं का गहन निरीक्षण करते हुए बुकिंग कार्यालय, आरक्षण कार्यालय, प्रतीक्षालयों एवं प्लेटफार्मों पर प्रदत्त यात्री सुख-सुविधाओं का जायजा लेते हुए इन्हें और उन्नत बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने इज्जतनगर स्टेशन पर किए जा रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। साथ ही स्वचालित सीढ़ियाँ, प्रतीक्षालय, डारमेट्री, विश्रामालय, बुकिंग कार्यालय तथा प्लेटफार्मों पर प्रदान की जा रहीं यात्री सुख-सुविधाओं संबंधी जानकारी ली तथा दिव्यांगजनों के लिए निर्मित वाटर हाइड्रेंट में आवश्यक सुधार हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इज्जतनगर मण्डल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अपर महाप्रबन्धक ने इज्जतनगर मण्डल द्वारा संरक्षा, सुरक्षा, समयपालन, स्वच्छता एवं यात्री सुख-सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय रेल पर उत्तरोत्तर उन्नयन के साथ-साथ तीव्र गति से परिवर्तन आ रहें हैं। हमें इन परिवर्तनों के अनुपालन के साथ-साथ प्रबन्धन एवं निगरानी करते हुए रेल परिवहन सुविधा को विश्वस्तरीय बनाना है। हम सभी को मालूम होना चाहिए कि हम कैसे सभी कार्यों को उत्कृष्टता से करें। उन्होंने कहा कि नई तकनीकि के अनुपालन एवं आधारभूत संरचना के विकास के लिए सम्बद्ध रेल कर्मचारियों का उच्च कोटि का प्रशिक्षण नितान्त आवश्यक है। अपर महाप्रबन्धक ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपील की वे निरन्तर अध्ययन से अपने ज्ञान को अद्यतन रखें तथा हर चुनौती का सामना करने के लिए अपने-आप में निरन्तर विकास की प्रक्रिया को अमल में लायें।
मुख्य अतिथि अपर महाप्रबन्धक का स्वागत करते हुए मण्डल रेल प्रबन्धक दिनेश कुमार सिंह ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से इज्जतनगर मण्डल पर रेल परिवहन के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्य-कलापों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मण्डल की वर्ष 2019-20 (अप्रैल से सितम्बर) की आय में विगत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में यात्री आय में 4.5 प्रतिशत, माल लदान में 42.7 प्रतिशत, विविध आय में 9.1 प्रतिशत तथा सकल आय में 14.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मण्डल रेल प्रबन्धक ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे में प्रथम बार इज्जतनगर मण्डल के काठगोदाम रेलवे स्टेशन के रिटायरिंग रूम व डारमेट्री को यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता के मानकों में खरा उतरने हेतु आईएसओ 9001ः2015 प्राप्त हुआ है। मण्डल के 9 स्टेशनों पर रेल वाटिका विकसित की जा रही है। इसके माध्यम से यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में सहूलियत हुई है। साथ ही काठगोदाम स्टेशन पर वर्टिकल गार्डन विकसित किया गया है। मण्डल पर माल लदान की चर्चा करते हुए मण्डल रेल प्रबन्धक ने बताया कि वर्ष 2019-20 माह अप्रैल से सितम्बर तक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 112.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी प्रकार आॅटोमोबाइल लदान में भी 78.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। चीनी लदान के क्षेत्र में पिछले वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।
यांत्रिक कारखाना एवं डीजल शेड, इज्जतनगर में अपर महाप्रबन्धक ने सामान्य कार्य एवं निर्माण कार्य का गहनता से निरीक्षण कर कार्य-कलापों की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) आशीष अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री अजय वार्ष्णेय, सीनियर डीसीएम नीतू और यांत्रिक कारखाना के निरीक्षण के दौरान मुख्य कारखाना प्रबंधक राजेश अवस्थी सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित थे। संवाद