Bareilly News: जिले को 132 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास
बरेली कॉलेज मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को 932.59 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
विस्तार
ये परियोजनाएं जनता को समर्पित
अटल आवासीय विद्यालय, रामगंगा नदी पर बना कैलाश मणि सेतु, बीडीए का प्रशासनिक भवन, शहर के चार प्रवेश द्वार, बहेड़ी में राजकीय महाविद्यालय रिछा, स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक, एसटीएफ बरेली फील्ड यूनिट का कार्यालय आदि।
इनकी रखी आधारशिला
पीडब्ल्यूडी और बीडीए की सड़कें, आरटीओ कार्यालय और सारथी हॉल, पूर्व सैनिक कल्याण निगम का ऑफिस कॉम्पलेक्स, ग्रेटर बरेली, बचपन डे-केयर सेंटर, नाथ मंदिरों के विकास कार्य, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी आदि।
इन कार्यों का शुभारंभ
- स्कूल चलो अभियान और विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत।
- अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 2,554 नई एंबुलेंस को झंडी दिखाकर अलग-अलग जिलों के लिए रवाना किया।
- स्मार्ट पुलिसिंग के लिए बदायूं, बरेली, पीलीभीत के पुलिसकर्मियों को टैबलेट वितरित किए।
- बरेली जिले के लिए 932 करोड़ रुपये की 132 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण।
मंच पर ही सौंप दिया पत्र
मुख्यमंत्री जैसे ही मंच पर पहुंचे, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल अचानक उनके पास पहुंच गए। उन्होंने मुख्यमंत्री को कुछ पत्र सौंपे। बताया कि शहर के लिए जरूरी तीन मांगों से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री को दिया है। इसमें बरेली एयरपोर्ट से चारधाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा, बदायूं रोड पर रोडवेज बस अड्डा और सुभाषनगर में रेलवे अंडरपास के निर्माण की मांग शामिल है। विधायक विधानसभा में भी यह मुद्दा उठा चुके हैं।
इशारे-इशारे में मांस कारोबारियों को सख्त संदेश दे गए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने मंच से ही गो तस्करों और कसाइयों को जहन्नुम भेजने की बात कहकर मांस कारोबारियों को भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश को बूचड़खानों तक पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बरेली में करीब दो साल पहले एक बड़े मांस कारोबारी पर कार्रवाई भी हो चुकी है। सपा नेताओं से भी उसके कनेक्शन सामने आए थे। सीएम ने खुले मंच से इसका जिक्र भी किया।
डॉक्टरों का राजनीति में आना सराहनीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरेली में अलग-अलग क्षेत्रों के लोग राजनीति में आए हैं। यहां फिजिशियन, पशु चिकित्सक, शिक्षक, उद्यमी राजनीति के जरिये लोगों की सेवा कर रहे हैं। यह सराहनीय है। मां दुर्गा को प्रणाम कर सीएम ने 32 मिनट तक अपनी बात रखी। नाथ नगरी और भगवान शिव के स्वरूप का जिक्र करते हुए जय-जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपनी बात समाप्त की।