फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Swami Chinmayanand case sit probe ss law college hostel girl and swami residence

स्वामी चिन्मयानंद के शयन, साधना कक्ष तक पहुंची एसआईटी, छात्रा के घर भी गई 

Sat, 07 Sep 2019 03:24 PM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शाहजहांपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शाहजहांपुर Published by: पूजा त्रिपाठी Updated Sat, 07 Sep 2019 03:24 PM IST
विज्ञापन
Swami Chinmayanand case sit probe ss law college hostel girl and swami residence
एसएस लॉ कॉलेज, छात्रा के हॉस्टल और घर पर पहुंची एसआईटी की जांच - फोटो : अमर उजाला

एलएलएम की छात्रा द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का सामना कर रहे पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी शनिवार दोपहर एसएस कॉलेज पहुंच गई। यहां टीम ने स्वामी के आश्रम, शयनकक्ष से लेकर इसी परिसर में बने एसएस लॉ कॉलेज और छात्रावास में पहुंचकर कॉलेज स्टाफ, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं से घटना से जुड़े मामलों में पूछताछ की। टीम छात्रा के घर भी पहुंची, लेकिन छात्रा और उसके परिजन दिल्ली में होने की वजह से नहीं मिल सके। इस पर टीम ने वहां मौजूद छात्रा के चचेरे भाइयों से जानकारी की।

विज्ञापन

 
आईजी नवीन अरोड़ा के नेतृत्व में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे एसआईटी एसएस कॉलेज पहुंची। यहां टीम दो भागों में बंट गई। आईजी नवीन अरोड़ा के साथ टीम के कुछ सदस्य कॉलेज परिसर में ही बने स्वामी के आश्रम में पहुंच गए और टीम के कुछ सदस्य एसएसपी रैंक की अधिकारी भारती सिंह के साथ एसएस लॉ कॉलेज पहुंच गई। 
विज्ञापन


लॉ कॉलेज में जांच पड़ताल के बाद भारती सिंह टीम के साथ स्वामी के आश्रम पर पहुंचे, जहां पहले से ही आईजी नवीन अरोड़ा टीम के साथ मौजूद थे। यहां टीम के लोगों ने स्वामी के आश्रम का बारीकी से निरीक्षण किया। उनके साधना कक्ष और शयन कक्ष को भी देखा और आश्रम की देखभाल करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की। यहां पर एसएस कॉलेज के प्राचार्य अवनीश मिश्रा भी मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


आश्रम गेट पर ड्यूटी पर मौजूद गार्ड से भारती सिंह ने सवाल जवाब किए। उससे पूछा कि तुम यहां कब से हो, तो उसने बताया कि वह वर्ष 2012 से है और गार्ड की ड्यूटी उसे दो तारीख से मिली है। उससे अन्य गार्डों के नाम, पते और मोबाइल नंबर भी नोट किए। यहां से निकलकर पूरी टीम एक साथ एसएसल लॉ कॉलेज पहुंची और यहां एलएलएम की कक्षाओं को देखने के साथ ही विद्यार्थियों से भी स्वामी और छात्रा के बारे में जानकारी की। यहां प्राचार्य संजय बरनवाल के कक्ष के सामने वाले कार्यालय में भी आईजी पहुंचे और यहां निरीक्षण करने के साथ ही एसएस कॉलेज के प्राचार्य अवनीश मिश्रा से भी सवाल-जवाब किए। 

जांच टीम ने छात्रावास में भी छात्रा के बारे में अन्य छात्राओं व वॉर्डन से जानकारी की। टीम यहां डेढ़ घंटे से अधिक समय तक रही। यहां पूरी पड़ताल करने के बाद टीम सीधे पीड़ित छात्रा के घर पहुंची। दूसरी मंजिल पर बने छात्रा के कमरे में ताला लगा था, क्योंकि छात्रा और उसके माता-पिता व छोटे भाई-बहन अभी दिल्ली में हैं। आईजी नवीन अरोड़ा ने छात्रा के तहेरे भाई से छात्रा और उसके परिवार के बारे में जानकारी की और यहां करीब 20 मिनट में पड़ताल कर टीम पुलिस लाइन स्थित कैंप कार्यालय लौट गई।

आश्रम में नहीं मिले स्वामी

एसआईटी को जांच-पड़ताल के दौरान छात्रा के अपहरण के आरोपी स्वामी चिन्मयानंद नहीं मिले। टीम का शुरुआती मकसद कॉलेज में जांच-पड़ताल के साथ ही स्वामी से पूछताछ का भी था, लेकिन इससे पहले स्वामी आश्रम छोड़कर चले गए। जांच टीम ने स्वामी के बारे में जानकारी चाही तो बताया गया कि वह इस वक्त आश्रम में नहीं हैं और बाहर गए हुए हैं।

फिसलकर गिर गईं जांच टीम की एक अधिकारी

एसएस लॉ कॉलेज में जांच-पड़ताल के बाद टीम जैसे ही बाहर निकल रही थी, तभी जांच टीम में शामिल एक महिला अधिकारी अचानक गिर गईं। टीम के सदस्यों ने उन्हें संभाला।

सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों ने छात्रा के परिजनों से की अभद्रता

छात्रा के घर सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने छात्रा के ताऊ और तहेरे भाइयों को हड़काते हुए उनके साथ अभद्रता कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. एस चन्नप्पा भी छात्रा के घर पहुंच गए और सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई और दोबारा गलत हरकत करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। 

छात्रा के घर पर सुरक्षा के लिए लगाए गए पुलिस कर्मियों से छात्रा के ताऊ और तहेरे भाइयों से विवाद हो गया। बताते हैं कि रात आठ बजे से सुबह आठ बजे की शिफ्ट में ड्यूटी करने वाले सिपाही छात्रा के घर के मुख्य गेट पर लगे चैनल को बंद करके रात में छात्रा के घर के बराबर वाले कमरे में सो जाते थे। इस पर तहेरे भाइयों ने एतराज जताया, लेकिन वह लोग नहीं माने। 

शुक्रवार रात पुलिस वालों ने चैनल में ताला लगाया और कमरे में सो गए। तहेरे भाइयों ने भी अपना ताला लगा दिया। शनिवार सुबह चैनल में दूसरा ताला पड़ा देख सिपाहियों का पारा चढ़ गया। तहेरे भाइयों को डांटना-फटकारना शुरू कर दिया और छात्रा के ताऊ से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें अपमानित किया तो तहेरे भाइयों ने एसपी डॉ. एस चन्नप्पा को सूचना दी। 

एसपी भी चौक कोतवाली पुलिस टीम के साथ छात्रा के घर पहुंच गए और सिपाहियों को कड़ी फटकार लगाई और दोबारा इस तरह की हरकत करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि कुछ नोकझोंक हो गई थी। पुलिस कर्मियों को अच्छे से समझा दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed