GST Raid: बरेली के पांच सितारा होटल पर एक करोड़ रुपये टैक्स चोरी की आशंका, एसजीएसटी की टीमें कर रहीं जांच
राज्यकर विभाग की टीमें बृहस्पतिवार दोपहर को होटल रेडीसन में जांच को करने पहुंची थीं, तब से जांच चल रही है। टीमों ने प्रथमदृष्टया करीब एक करोड़ कर चोरी की आशंका जताई है।
विस्तार
बरेली के पीलीभीत बाईपास स्थित पांच सितारा होटल रेडीसन में चल रही जांच में एसजीएसटी (राज्यकर) की टीमों ने प्रथमदृष्टया करीब एक करोड़ कर चोरी की आशंका जताई है। जानकारी के मुताबिक होटल प्रबंधन टैक्स की नियमानुसार दर से कम दर पर टैक्स का भुगतान कर रहा था।
बृहस्पतिवार दोपहर राज्यकर विभाग की टीमें होटल रेडीसन में जांच को करने पहुंची थी। यहां नववर्ष की पूर्व संध्या पर हुए आयोजन पर टिकट बिक्री, खानपान समेत अन्य अभिलेख जांचे। साथ ही, स्पेशल इंवेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) रेंज ए और बी की टीमों ने मौके पर होटल संबंधी अन्य दस्तावेज खंगाले।
जांच में पता चला कि होटल प्रबंधन 7,500 रुपये या इससे अधिक की दर से प्रतिदिन के हिसाब से एक रूम बुक करता है। कर देयता 12 फीसदी की दर से ले रहे हैं। रेस्टोरेंट पर पांच फीसदी की दर से कर भुगतान हो रहा है। जबकि 18 फीसदी की दर से कर देयता बनती है।
ये भी पढ़ें- Bareilly: युवती को प्रेमजाल में फंसाकर लूटी अस्मत और दौलत, कई दिन बंधक बनाकर रखा, प्रेमी ने हड़पे लाखों रुपये
होटल प्रबंधन की ओर से लॉन व बैंक्वेट हॉल की बुकिंग और कैटरिंग पर भी पांच फीसदी की दर से कर दिया जा रहा है। जबकि यहां भी 18 फीसदी की करदेयता बनती है। ऐसे में 2022-23 व 2023-24 को मिलाकर प्रथमदृष्टया करीब एक करोड़ कर चोरी प्रकाश में आई है। जांच जारी है।
जांच में यह रहे मौजूद
होटल रेडीसन में छापा के दौरान जीएसटी ज्वॉइंट कमिश्नर अवधेश सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर नीलम रानी, डिप्टी कमिश्नर राजीव पांडे समेत पांच अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रकरण में होटल प्रबंधन का पक्ष लेने के लिए कॉल की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
जीएसटी एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 ओपी चौबे ने बताया कि एसआईबी रेंज ए औ रेंज बी की टीमों ने होटल व्यापार संबंधी सभी दस्तावेज जांचे। प्रथमदृष्टया करीब एक करोड़ कर चोरी का पता चला है। टीम अभी दस्तावेजों की जांच कर रही है। प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई हो रही है।