Bareilly: एसएसपी ने कई थानों के प्रभारी बदले, जगत सिंह बने अलीगंज इंस्पेक्टर; तीन दरोगाओं के खिलाफ जांच शुरू
जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच गोलीकांड के बाद अलीगंज थाना प्रभारी राजित राम को हटा दिया गया। एसएसपी ने उनको क्राइम ब्रांच भेजा है। उनकी जगह इंस्पेक्टर जगत सिंह को अलीगंज थाने की जिम्मेदारी दी है।
विस्तार
बरेली के अलीगंज थाने से इंस्पेक्टर राजित राम को हटाकर क्राइम ब्रांच भेज दिया गया है। सिरौली इंस्पेक्टर जगत सिंह को अलीगंज थाने का प्रभारी बनाया गया है। कुछ और थानों के प्रभारी बदल दिए। एसएसपी ने रविवार को यह फेरबदल किया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि किला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम को प्रेमनगर थाने का प्रभारी बनाया गया है। प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी का हाल ही में आगरा तबादला हुआ है। इसके अलावा एसएसपी ने इज्जत नगर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम सुभाष कुमार को किला थाना प्रभारी बना दिया।
रिट सेल के प्रभारी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी को मानव तस्करी रोकथाम इकाई का प्रभारी बनाया गया है अभी तक सिरौली थाने की जिम्मेदारी देख रहे इंस्पेक्टर जगत सिंह को अलीगंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा एसएसपी के पीआरओ विनोद सिंह को सिरौली थाने का प्रभारी बनाया गया है।
तीन दरोगाओं की जांच शुरू
दर्पण अभियान के तहत एसएसपी ने विवेचना में लापरवाही करने वाले तीन दरोगाओं की जांच शुरू कराई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सुभाषनगर थाने के एक पॉक्सो एक्ट के मामले में वादी ने शिकायती पत्र दिया कि प्राथमिकी के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है।
वादी और दोनों विवेचकों होराम सिंह व वीरेंद्र सिंह को आमने-सामने बैठाकर सुना गया। दोनों विवेचकों की भूमिका संदिग्ध मिली। इसलिए दोनों की जांच शुरू कराई है। साथ ही, शेरगढ़ के एक मामले में प्राथमिकी के बाद विवेचक ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की तो उनकी भी जांच खोलने का आदेश दिया है।