UP: सपा प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार, बरेली से नौ सदस्य शामिल; मुस्लिम और पिछड़ों को दी गई तवज्जो
सपा की प्रदेश कार्यकारिणी में बरेली से नौ लोगों को शामिल किया गया है। इसमें पिछड़ा वर्ग और मुस्लिम समुदाय को तवज्जो दी गई है। मेयर प्रत्याशी रहे संजीव सक्सेना को सदस्य के तौर पर शामिल कर बिस्वा विधानसभा का प्रभारी बनाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को प्रदेश कार्यकारिणी विस्तार किया। इसमें बरेली से नौ लोगों को शामिल किया गया है। इसमें पिछड़ा वर्ग और मुस्लिम समुदाय को तवज्जो दी गई है। प्रदेश कार्यकारिणी में पार्टी के पीडीए फार्मूले का भी असर नहीं दिखाई दिया। जिले से एक भी दलित नेता को जगह नहीं मिली है। नौ लोगों में दो मुस्लिम, एक सवर्ण और छह पिछड़ों को जगह दी गई है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख आदेश यादव गुड्डू को कार्यकारिणी में शामिल करते हुए उन्हें मुरादाबाद की चंदौसी विधानसभा का संगठन प्रभारी बनाया गया है। वह पिछले दिनों जिलाध्यक्ष के दावेदारों में भी शामिल थे और विधानसभा चुनाव-2022 में बिथरी चैनपुर से टिकट के दावेदारों की सूची में भी शामिल थे। मगर सपा ने यहां से तत्कालीन जिलाध्यक्ष अगम मौर्य को चुनाव लड़ाया था। वह चुनाव हार गए थे। उन्हें अब कार्यकारिणी में शामिल कर बदायूं जिले की शेखूपुर विधानसभा का प्रभार दिया गया है।
संजीव सक्सेना बने बिस्वा विधानसभा के प्रभारी
संजीव सक्सेना को सदस्य के तौर पर शामिल कर बिस्वा विधानसभा का प्रभारी बनाया है। मेयर चुनाव में पार्टी ने संजीव सक्सेना को टिकट दिया था। उन्होंने नामांकन भी कर दिया था, बाद में पार्टी ने उनसे नाम वापस कराकर निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व मेयर डॉ. आईएस तोमर को समर्थन दिया था। पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद को सदस्य और संभल सीट का प्रभारी बनाया है। वहीं, अनीस अहमद को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया।
शेरगढ़ से ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी को भी सदस्य बनाकर बिथरी चैनपुर विधानसभा का प्रभार दिया गया। पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव को पार्टी ने सदस्य बनाकर बिलारी विधानसभा का प्रभार दिया है। मौजूदा जिला उपाध्यक्ष मनोहर पटेल को भी प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल कर पीलीभीत विधानसभा का प्रभार दिया गया है। पूर्व जिला उपाध्यक्ष पुरषोत्तम गंगवार को शामिल कर बीसलपुर विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है।