Bareilly News: नगर निगम की दुकानों के सिकमी किरायेदार करा सकेंगे नामांतरण, इस तारीख तक करें आवेदन
सिकमी किरायेदारों और वारिसान के नाम दुकान का नामांतरण के लिए नगर निगम ने नीति तय कर दी है। दुकानों को चार श्रेणियों में बांटकर किराया और प्रीमियम तय किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में नगर निगम के सिकमी किरायेदारों (वह आवंटी जो खुद दुकानें न चलाकर दूसरों को किराए पर उठा देते हैं।) के लिए राहत भरी खबर है। सिकमी किरायेदारों और वारिसान के नाम दुकान का नामांतरण के लिए नगर निगम ने नीति तय कर दी है। दुकानों को चार श्रेणियों में बांटकर किराया और प्रीमियम तय किया गया है। जो लोग लाभ लेना चाहते हैं वे 20 फरवरी से 31 मार्च आवेदन कर सकेंगे।
अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव ने सोमवार शाम को बताया कि किराया और प्रीमियम का निर्धारण हो गया है। बैठक में नीति तय हो गई है। अब साक्ष्य के साथ आवेदन करना है। जो आवेदन आएंगे तो नगर निगम उनका परीक्षण करेगा और तय नीति के अनुरूप नामांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि सुपर ए श्रेणी और श्रेणी ए की दुकानों का किराया दुकानों के क्षेत्रफल पर डीएम सर्किल रेट के अनुसार 100 प्रतिशत लिया जाएगा।
बी श्रेणी की दुकानों का किराया दुकानों के क्षेत्रफल पर डीएम सर्किल रेट के अनुसार 50 प्रतिशत लिया जाएगा। सी श्रेणी की दुकानों का किराया डीएम सर्किल रेट के अनुसार 25 प्रतिशत लिया जाएगा। सिकमी किरायेदारों के नामांतरण को सुपर ए श्रेणी में अंकित मार्केट के लिए निर्धारित किराये का 75 गुना प्रीमियम, श्रेणी ए, बी और सी में निर्धारित किराया का 50 गुना और अन्य श्रेणी के वारिसानों को नामांतरण के लिए किराया का 25 गुना प्रीमियम देय होगा।
कौन सा मार्केट किस श्रेणी में
सुपर ए श्रेणी में एलन क्लब, पालिका बाजार, जवाहर पार्क मार्केट, न्यू जवाहर मार्केट, नावल्टी मार्केट, न्यू रिफ्यूजी मार्केट, सिविल सर्जन बंगला मार्केट, मोती पार्क मार्केट, सब्जी मंडी, पटेलगंज की बड़ी दुकानें, चबूतरा टाउन हॉल, न्यू सुभाष मार्केट है।
ए श्रेणी में श्यामगंज मार्केट, मेनरोड, स्टेशन जंक्शन मार्केट, तिलक इंटर कॉलेज मार्केट, शास्त्री मार्केट, लाजपत राय मार्केट, सब्जी मंडी पटेलगंज, आरसीसी दुकानें, न्यू कॉलेज रोड की सभी दुकानें, सिटी पोस्ट आफिस, चबूतरा मोती पार्क, धर्मदत्त सिटी हॉस्पिटल, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, न्यू आजाद प्रथम तल, सीआई पार्क गोदाम, सीआई पार्क, तिलक इंटर कॉलेज मार्केट, मिशन नाला मार्केट हैं।
बी श्रेणी में तिलक इंटर कॉलेज फील्ड, सराय खाम, न्यू सराय खाम, आदर्श मार्केट, सीबीगंज मार्केट, सराय रेलवे जंक्शन, कुतुबखाना मंडी के पीछे मेनरोड, इंद्रा मार्केट हैं। सी श्रेणी में श्यामगंज पीछे लिंक मार्केट, ब्रहम्पुरा, बारादरी मार्केट आदि हैं।