बरेली: ग्राम सचिवालयों पर लटका ताला, आठ पंचायत सहायकों की सेवा होगी समाप्त, छह को कारण बताओ नोटिस जारी
बरेली जिले में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले पंचायत सहायकों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। लगातार गैरहाजिर रहने वाले आठ पंचायत सहायकों की सेवाएं समाप्त की जाएंगी। छह अन्य को नोटिस जारी किया गया है।
विस्तार
बरेली में ग्रामीणों को उनके गांव में ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए ग्राम सचिवालयों पर समय पर पंचायत सहायकों को उपस्थित रहने के आदेश हैं। लेकिन पंचायत सहायक लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे आठ पंचायत सहायकों की सेवा समाप्त होगी।
कार्रवाई की जद में आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की चंपतपुर ग्राम पंचायत की पूजा कुमारी, नवाबगंज की परोथी के अमित राठौर, खंजनपुर खंजनिया के संजय कुमार और बीजामऊ के विशाल कुमार शामिल हैं। इसके अलावा भुता ब्लॉक की बहादुरपुर करोड़ ग्राम पंचायत के अभिषेक पाठक, मीरगंज की हल्दी खुर्द की हर्षित चौधरी, रामनगर की सोना ग्राम पंचायत की ऋचा शर्मा और लीलौर सहसा के सोनू कुमार की सेवा समाप्ति की तैयारी हो गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पंचायत सहायकों की जिम्मेदारी ग्राम सचिवालय में ग्रामीणों को विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं में सहयोग देने, अभिलेखीय एवं डाटा संबंधी कार्य करने और सचिवालय के नियमित संचालन में सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में लगातार अनुपस्थिति और दायित्वों का संतोषजनक निर्वहन न होने को विभाग पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
छह को नोटिस जारी कर मांगा जवाब
इसके साथ ही मिलक मझरा, दमखोदा के लवेदी, भुता के अमृती और बिथरी चैनपुर के कलापुर ग्राम पंचायत में तैनात पंचायत सहायक समेत कुल 6 को भी कार्य के प्रति लापरवाही उजागर होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनका जवाब संतोषजनक न होने पर इनकी सेवाएं भी समाप्त की जाएंगी।
डीपीआरओ कमल किशोर ने बताया कि विभागीय कार्य में लापरवाही और सचिवालयों में समय पर उपस्थिति न रहने पर आठ पंचायत सहायकों की सेवा समाप्त की जाएंगी। इसके साथ ही 6 अन्य को भी नोटिस जारी किए गए हैं।