Bareilly News: मैकडोनाल्ड में सड़े आलू की फ्रेंच फ्राइज परोसने पर हंगामा, एफएसडीए ने भरे सात नमूने
पीलीभीत बाईपास स्थित फीनिक्स मॉल के मैकडोनाल्ड में सड़े आलू की फ्रेंच फ्राइज परोसने का मामला सामने आया है। जब ग्राहक ने इसका विरोध किया तो कर्मचारियों ने कहा कि ज्यादा फ्राई होने की वजह से आलू काला हो गया है।
विस्तार
बरेली के पीलीभीत बाइपास पर फीनिक्स मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट में फ्रेंच फ्राइज के नाम पर सड़ा आलू परोसने का वीडियो वायरल हुआ। इसका संज्ञान लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच के लिए विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने भरे।
वायरल वीडियो में सड़ा आलू परोसने पर ग्राहक विरोध करता दिख रहा है। रेस्त्रां का कर्मचारी सफाई दे रहा है कि ज्यादा फ्राइज होने की वजह से आलू काला हो गया है। ग्राहक आलू के टुकड़े से दुर्गंध आने की बात कह रहा है। कर्मचारी टेबल से प्लेट उठाकर ले जाने लगे, तभी ग्राहक ने फोटो और वीडियो ले लिए।
आरोप है कि उसके खींचे हुए फोटो और वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि आलू सड़ा हुआ था, जिसको फ्राइज करके परोस दिया गया। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
इधर, वीडियो विभिन्न ग्रुपों के जरिये अधिकारियों तक पहुंचा। सीएफएसओ अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम गठित हुई। रेस्टोरेंट से पोटैटो फ्राइस, रिफाइंड पाम ऑयल, चॉकलेट मिल्क शेक, इंस्टेंट मसाला टी, मैजिक स्पाइस मिक्स, मस्टर्ड सॉस, चिकन बर्गर के एक-एक नमूने लिए गए। उनको जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। टीम में एफएसओ हिमांशु, देवेंद्र, ज्योत्सना व
अन्य लोग शामिल रहे।
पिंड बलूची रेस्टोरेंट का पनीर, क्रीम मिले हानिकारक
पिछले साल नवंबर में डीडीपुरम स्थित पिंड बलूची रेस्टोरेंट में घटिया खाद्य पदार्थ मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 15 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। जांच रिपोर्ट में पनीर और क्रीम में बाहरी वसा की मिलावट मिली जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। सीएफएसओ अक्षय गोयल के मुताबिक जब डेयरी प्रोडक्ट बनाने में नॉन डेयरी प्रोडक्ट का प्रयोग करते हैं तो उसे फारेन फैट या वाह्य वसा कहते हैं। रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।