Bareilly News: गर्भवती की मौत के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा, रहनुमा हॉस्पिटल सील
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रहनुमा ग्लेज हॉस्पिटल में हंगामा किया। स्टाफ और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हुई। मारपीट तक की नौबत आ गई। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में रविवार रात गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत से गुस्साए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रहनुमा ग्लेज हॉस्पिटल में हंगामा किया। स्टाफ और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हुई। मारपीट की नौबत आ गई। दोनों ओर से नारेबाजी की गई। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। स्वास्थ्य टीम ने वहां भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पताल में सिफ्ट कर अस्पताल को सील कर दिया। संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
एबीवीपी कार्यकर्ता सुबह करीब 11:30 बजे रहनुमा ग्लेज हॉस्पिटल पहुंचे और डॉक्टर के बारे में पूछा। इसके बाद स्टाफ और कार्यकर्ता आपस में झगड़ने लगे। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ गए और धरने पर बैठ गए। इधर, अस्पताल स्टाफ भी नारेबाजी करने लगा। दोनों ओर से धार्मिक नारे लगाए गए।
पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया और वहां जुटी भीड़ को हटाया। इस बीच अस्पताल संचालक और डॉक्टर भर्ती मरीजों को छोड़कर चले गए। वहीं, स्वास्थ्य टीम के साथ पहुंचे सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम ने मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भिजवाया। एबीवीपी कार्यकर्ता सीएचसी अधीक्षक के समझाने पर धरने से उठे। स्वास्थ्य टीम ने अस्पताल को सील कर दिया और पुलिस को तहरीर दी है। फरीदपुर इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, जांच करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीएचसी अधीक्षक के दफ्तर में भी दिया धरना
अप्रशिक्षित स्टाफ से इलाज कराने वाले अन्य अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता सीएचसी अधीक्षक के दफ्तर में भी धरने पर बैठ गए। चेतावनी दी कि फर्जी अस्पताल एवं अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। बताया कि फरीदपुर के फर्जी अस्पतालों में आए दिन मरीजों की मौत हो रही हैं।
पिछले दिनों न्यू केयर हॉस्पिटल के कूड़ेदान में नवजात मिलने के मामले में विभाग कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके बाद स्वास्थ्य टीम न्यू केयर हॉस्पिटल भी गई और डॉक्टर से दो दिन में दस्तावेज दिखाने को कहा है। प्रदर्शनकारियों में सूरज मिश्रा, रचित शर्मा, निमिष शंकधार, अंकित, अनिल चौधरी, रवि ठाकुर, सूर्य यादव, मोहित आदि शामिल हैं।
अस्पताल संचालक ने ये कहा
रहनुमा ग्लेस हॉस्पिटल के संचालक डॉ. हामिद की पत्नी डॉ. तरन्नुम ने बताया कि हमारा हॉस्पिटल लीगल है, अनलीगल कुछ नहीं है। उन्हें खुद यह समझ नहीं आ रहा कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने यहां क्यों उपद्रव किया है। स्वास्थ्य की टीम ने किस वजह से उनका हॉस्पिटल सील किया है और क्यों तहरीर दी है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम ने कहा कि रहनुमा ग्लेज हॉस्पिटल की जांच करने गए तो वहां कोई डॉक्टर नहीं मिला, मरीज भर्ती थे। मरीजों को उनके परिजन अन्य अस्पतालों में लेकर गए। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया और रिपोर्ट लिखाने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। वहीं, न्यू केयर हॉस्पिटल में मिले डॉक्टर से दो दिन में दस्तावेज दिखाने को कहा है।