सपा ने टिकट के दावेदारों की कुंडली मांगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2017 की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता प्रो. रामगोपाल यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष जफरबेग समेत कुछ चुनिंदा नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों पर चर्चा की। इसमें बरेली से पांच विधानसभा क्षेत्रों में टिकट का आवेदन करने वाले दावेदारों की गंभीरता पर भी मंथन किया गया। विचार-विमर्श के बाद जिलाध्यक्ष को हर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए तीन-तीन नाम भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सपा के थिंक टैंक माने जाने वाले प्रो. रामगोपाल यादव ने बरेली के चार नेताओं के साथ बरेली महानगर की दो विधानसभाओं के अलावा बिथरी चैनपुर, आंवला और मीरगंज में 2017 विधानसभा चुनाव में एमएलए के टिकट के दावेदारों पर दो घंटे तक गंभीर मंथन किया। महानगर की कैंट और शहर विधानसभा सीटों से टिकट के लिए 13 लोगों ने अपनी दावेदारी ठोंकी है। प्रो. रामगोपाल यादव ने टिकट के दावेदारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति के अलावा जनता पर पकड़, राजनीतिक छवि और चरित्र के बारे में जानकारी मांगी है। इसके अलावा बिथरी से चार, आंवला से तीन और मीरगंज के चार दावेदारों के बारे में भी पूछताछ हुई। सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव ने बताया कि पूरी मीटिंग का फोकस 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर था। जिन्होंने अब तक टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है, अगर किसी विधानसभा क्षेत्र में कोई दावेदार मजबूत है तो उसका नाम भी संगठन स्तर पर भेजने की बात कही गई। मजबूत प्रत्याशियों को टिकट के लिए आवेदन करने की छूट होगी। बूथ और सेक्टर प्रभारियों की सूची भी मांगी गई है। मीटिंग में जिला महासचिव प्रमोद बिष्ट और शहर महासचिव मलखान सिंह यादव भी शामिल रहे।