Bareilly News: अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले सद्दाम पर रिपोर्ट दर्ज, पहचान छिपाकर रहता था बरेली में
उमेश पाल हत्याकांड में नामजद माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ का रिश्तेदार अपनी पहचान छिपाकर बरेली में रहता रहा। उसके खिलाफ मकान मालिक ने धोखाधड़ी और चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
बरेली जिला जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ ने बरेली में जड़ें फैला रखी हैं। उसका साला सद्दाम फर्जी नाम पते से खुशबू एनक्लेव कॉलोनी में रह रहा था। मीडिया में पिछले दिनों आई खबरों के बाद मकान मालिक आजम नगर निवासी मोहम्मद हसीन ने सद्दाम के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहम्मद हसीन ने बताया कि उनका एक मकान खुशबू एन्क्लेव में है। कई दिनों से खाली था, वह उसे किराए पर उठाना चाह रहे थे। इसी दौरान मुश्ताक नाम के एक व्यक्ति ने करीब दो साल पहले से उनसे संपर्क किया। बताया कि वह नगर निगम में ठेकेदार है। यहां सड़क निर्माण का ठेका लिया है। उसी में काम कर रहा है, फर्म से जुड़े लोग आते-जाते रहते हैं। इसलिए उसे मकान की जरूरत है।
किराया मांगने पर दी धमकी
उन्होंने किराया नामा करके मकान किराए पर दे दिया लेकिन एक कमरा जिसमें उसका कुछ सामान था, उसे नहीं दिया। जनवरी 2023 में उसे मकान का किराया नहीं मिला तो वह मुश्ताक से मिलने मकान पर गया। वहां उसे पता चला कि मुश्ताक की जगह सद्दाम पुत्र मंसूर अहमद रह रहा है। उसने किराया देने को कहा तो सद्दाम ने उससे कहा कि वह अशरफ का साला है और प्रयागराज में रहता है। दोबारा पैसे मांगे जो जान से हाथ धोना पड़ेगा। इसके बाद वह वापस लौट आया।
UP: बरेली जेल में रची गई उमेश पाल हत्याकांड की साजिश, अशरफ से मिलने आए थे शूटर; सिपाही समेत दो गिरफ्तार
छह मार्च को वह मकान देखने गए तो ताला टूटा पड़ा था। उसके कमरे में रखा बैग, पचास हजार रुपये, बैंक पासबुक आदि सामान चोरी हो चुका था। इंस्पेक्टर बारादरी अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है, कोई और आरोपी होगा तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।