बरेली: कॉलेज से लौटती छात्रा से छेड़खानी, शोहदे ने सरेराह रोका, दोस्ती करने का बनाया दबाव
बरेली में एक कॉलेज की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता ने दो नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बरेली में कॉलेज से घर लौटती छात्रा छेड़खानी की गई। शोहदे ने उसे रास्ते में रोक लिया। उस पर दोस्ती करने का दबाव बनाया। छात्रा उससे बचकर पार्क में भागी तो शोहदा भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। उसकी हरकतों से परेशान छात्रा के पिता ने दो नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी एक कॉलेज में पढ़ाई करती है। बेटी जब कॉलेज जाती थी, तो रामनगर गौटिया निवासी अमन उसे रास्ते में रोककर परेशान करता था। अमन उनकी बेटी से दोस्ती करने का दबाव बनाता था और मना करने पर जान से मारने की धमकी देता था।
अमन कई महीनों से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था। शनिवार को दोपहर करीब 2:44 बजे छात्रा कॉलेज से लौट रही थी। रास्ते में अमन ने उनकी बेटी को पकड़ लिया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। आरोपी से बचकर छात्रा पार्क में चली गई तो आरोपी भी वहां पहुंच गया। इस छात्रा ने तुरंत अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
पिता के पहुंचने पर दबंगई
पिता जब अपनी बेटी के कॉलेज पहुंचे, तो अमन ने अपने भाई अजय और दो दोस्तों को पहले ही बुला रखा था। इन सभी लोगों ने छात्रा और उसके पिता के साथ गालीगलौज की। आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए उन्हें धमकाया। छात्रा के पिता ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अमन, उसके भाई अजय और दो अज्ञात दोस्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उप निरीक्षक अंकुर को मामले की जांच सौंपी गई है। सीओ हाइवे देवेश सिंह ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।