यूपी: 649 ग्राम कोकीन के साथ चार गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस भी मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना निघासन पुलिस और स्वॉट टीम ने एक कार से 649 ग्राम कोकीन बरामद करके चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार से दो तमंचे और कारतूस भी मिले। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसपी पूनम ने बताया कि निघासन प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ल क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम के साथ मंगलवार तड़के संदिग्ध वाहनों की तलाशी ले रहे थे। पलिया रोड पर गांव लोनियनपुरवा तिराहे के पास सुबह करीब 3.45 बजे एक ब्रेजा कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें सीट के नीचे से 649 ग्राम कोकीन, 315 बोर के दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने कार में बैठे मोहम्मद मियां निवासी देवी स्थान थाना मोहम्मदी, लभी खां उर्फ गुड्डू निवासी अंगदपुर थाना मैलानी, इलियास निवासी भुड़वारा और अफसर अली निवासी राजेंद्रनगर (गोला गोकर्णनाथ) को नशीले पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1050 रुपये भी बरामद किए। एसपी ने बताया कि आरोपी गाजियाबाद निवासी जावेद से कोकीन लाकर खीरी समेत आसपास के इलाकों में फुटकर में सप्लाई करता था।
जावेद चार महीने से गाजियाबाद की जेल में बंद हैं। पुलिस की एक टीम जावेद से पूछताछ करने के लिए गाजियाबाद भेजी जा रही है। एसपी के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
तस्कर नेपाल बॉर्डर तक करते थे कोकीन की सप्लाई
पुलिस के हत्थे चढ़े गिरोह ने पूछताछ में पुलिस के सामने तस्करी से संबंधित तमाम राज उगले हैं। गिरोह के तार गाजियाबाद से लखीमपुर खीरी से नेपाल तक जुड़े हैं। तस्कर गाजियाबाद से कोकीन लाकर नेपाल बॉर्डर तक फुटकर में सप्लाई करते थे। पुलिस तस्करों का नेटवर्क खंगालने में जुट गई है। कोकीन तस्करी में पकड़ा गया थाना मैलानी के गांव अंगदपुर का निवासी लबी खां उर्फ गुड्डू गिरोह का सरगना है। बरसों से तस्करी में लिप्त है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो वह मोहम्मदी कोतवाली के गांव देवी स्थान निवासी मोहम्मद मियां, गोला गोकर्णनाथ के गांव भुड़वारा निवासी इलियास और राजेंद्रनगर निवासी अफसर अली के साथ मिलकर लखीमपुर खीरी के अलावा सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, पीलीभीत समेत प्रदेश के दो दर्जन से ज्यादा जनपदों में कोकीन की फुटकर में सप्लाई कराता था। गिरोह से जुड़े सदस्य इन जनपदों में भी हैं। पुलिस ने तस्कर गिरोह से जो कार बरामद की है, वह भुडवारा निवासी इलियास की है। गिरोह इसी कार से कभी कोकीन तो कभी अन्य तरह के नशीले पदार्थों की तस्करी करता था।
पुलिस का कहना है कि कोकीन की सप्लाई करने वाला गाजियाबाद का जावेद उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों और नेपाल तक नशीले पदार्थों की सप्लाई तस्करों के जरिए करता है। इन दिनों एनडीपीएस के एक केस में गाजियाबाद जेल में बंद जावेद से पूछताछ के बाद गिरोह के कई अन्य सदस्यों के सुराग हाथ लगने की उम्मीद है।
बदले में नेपाल से लाते चरस, हेरोइन व दूसरे मादक पदार्थ
पुलिस के मुताबिक तस्कर कोकीन गाजियाबाद से लाकर नेपाल से सटे इलाके में बेचते हैं। फिर यह तस्कर नेपाल से चरस, हेरोइन, गांजा, स्मैक समेत विभिन्न नशीले पदार्थ लाकर पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब तक सप्लाई करते हैं। भारत-नेपाल की सीमा खुली है, इसी का गिरोह फायदा उठाता है। पलिया, गौरीफंटा, चंदनचौकी और तिकुनियां पुलिस भी एसएसबी की मदद के अब तक बड़ी संख्या में तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
तस्करों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
कोकीन बरामदगी के मामले में पकड़े गए तस्करों का पुलिस आपराधिक इतिहास खंगालने में जुट गई है। लखीमपुर खीरी के अलावा अन्य जनपदों में भी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड तलाशा जा रहा है।