सत्ता का संग्राम: बेबाकी से बोले पीलीभीत के युवा, पेपर लीक का मुद्दा उठाया, कहा- शिक्षा की गुणवत्ता भी सुधरे
अमर उजाला का चुनावी रथ सत्ता का संग्राम रविवार को पीलीभीत पहुंचा। सुबह के समय चाय पर चर्चा के दौरान लोगों ने चुनावी मुद्दे गिनाए। दोपहर में युवाओं से चर्चा हुई। पीलीभीत के उपाधि महाविद्यालय में युवाओं से बात की गई। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और पेपर लीक होने को सबसे बड़ा मुद्दा बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में 19 अप्रैल को मतदान है, जिसको लेकर लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव को लेकर पीलीभीत का क्या मिजाज है, यहां के युवा किन मुद्दों पर वोट करेंगे, यह सब जानने के लिए अमर उजाला का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ रविवार को उपाधि महाविद्यालय पहुंचा। युवाओं से बात की गई। युवाओं ने पेपर लीक का मुद्दा उठाया। यह भी कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होना चाहिए।
स्वाति मिश्रा ने कहा कि अग्निवीर योजना को सही बताया। कहा कि सेना की नौकरी घर चलाने के लिए नहीं, देश सेवा के लिए होती है। उन्होंने इसी तरह की व्यवस्था पुलिस में भी लागू करने का सुझाव दिया। छात्रा कशिश ने कहा कि हमारी शिक्षा नीति बदलती जा रही है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है, जिसमें सुधार होना चाहिए। छात्रा पूजा ने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव होना चाहिए। हिंदी भाषा को बढ़ावा मिलना चाहिए। पुलिस विभाग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाना चाहिए।
राजनीति पर कसा तंज
स्वाति ने राजनीति पर तंज कसा। कहा कि राजा का बेटा ही राजा ही बनेगा, यह सोच बदलनी चाहिए। अगर कहीं से किसी को टिकट नहीं मिला तो अच्छा ही हुआ, क्योंकि राजा का बेटा राजा बने यह किसी किताब में नहीं लिखा है। स्वाति ने कहा कि सरकार लुंगी की तरह होती है, ऊपर से टाइट होती है, नीचे आते-आते सब ढीला हो जाता है। ऊपर वाले अपना काम कर रहे हैं, लेकिन नीचे योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पाती हैं।
पेपर लीक करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
संगीता मौर्य ने कहा कि पेपर लीक नहीं होना चाहिए। हम मेहनत करते हैं, परीक्षा देते हैं। बाद में पेपर लीक हो जाता है। इससे आत्मविश्वास टूटता है। उनकी बात को आगे बढ़ाते हुए काजल ने कहा कि पेपर लीक मामले में जो भी जिम्मेदार हों, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सरकारी स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता की सुधार होना चाहिए। शीतल ने कहा कि विकास हो रहा है। आगे भी जारी रहे। बेसिक स्कूलों पर ज्यादा ध्यान दिया जाना चाहिए। शिक्षा में सुधार होना चाहिए।
शिक्षा को सस्ता किया जाए
अरुण राजवंशी और अरुण पाल ने कहा कि वह राष्ट्रहित के नाम पर वोट करेंगे। प्रमोद राजपूत ने कहा कि शिक्षा को व्यापार बना दिया है। शिक्षा को सस्ता किया जाए। अग्निवार योजना में बदलाव होना चाहिए। रचित भारती ने कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे पेपर लीक न हो पाए। इस उम्र में नौकरी नहीं मिली तो आगे क्या करेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती की परीक्षा देकर घर नहीं आ पाया था, उससे पहले ही परीक्षा रद्द होने की खबर आ गई।