Bareilly News: हाउस टैक्स बिलों में त्रुटियों से परेशान लोग, नगर निगम में किया प्रदर्शन
बरेली में मंगलवार को पार्षद राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में लोग नगर निगम पहुंचे। आरोप लगाया कि नियमों के विपरीत मनमाने तरीके से टैक्स लगाया गया है।
विस्तार
बरेली में गृहकर (हाउस टैक्स) बिलों में त्रुटियों से आजिज लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए मंगलवार को दोपहर नगर निगम में प्रदर्शन किया। सुधार में देरी पर गुस्सा जाहिर करते हुए अधिकारियों के उन दावों को गलत ठहराया, जिनमें कहा जा रहा है कि गृहकर-जलकर को लेकर जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
पार्षद राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में लोग नगर निगम पहुंचे। इनका कहना था कि नियमों के विपरीत मनमाने तरीके से टैक्स लगाया गया है। वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है। स्वकर के फॉर्म जमा करने व कर निर्धारण पर आपत्ति की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर रखी गई है जबकि नगर निगम का कर संबंधी डाटा बेस ही ठीक नहीं है तो फिर आपत्ति कैसे करें।
जब अधिकारियों के सामने यह मुद्दा उठाते हैं तो यही कहा जाता है कि त्रुटियां दूर की जा रही हैं लेकिन हकीकत जस की तस है। आपत्ति तभी की जा सकती है जब डाटा बेस सही हो। इसलिए अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जाए। विरोध करने वालों में गौहर अली, संजय आनंद, महेश यादव, नदीम प्रिंस, दिनेश, शिवनाथ चौबे, मनजीत, राजीव मोहन, रोहित राजपूत, पम्मी वारसी, अरविंद अग्रवाल, सुमन मेहरा, राजेश भाटिया आदि रहे।
खाली पड़े भवनों पर भी लगा दिया कामर्शियल टैक्स
पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि जो व्यवसायिक भवन खाली पड़े हैं उन पर भी कॉमर्शियल टैक्स लगा दिया गया जबकि नगर निगम के सदन में यह मुद्दा उठ चुका है। तब तय हुआ था कि ऐसे भवनों पर टैक्स नहीं लगेगा लेकिन अधिकारियों ने इसे भी अटका दिया। अब करदाता के पास मनमाने तरीके से बिल भेजे जा रहे हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। करदाताओं को राहत नहीं मिली तो लोगों को साथ लेकर आंदोलन करेंगे।