हनी ट्रैप मामले में नया मोड़: आरोपी किशोरी की मां ने बेकरी मालिक पर लगाए गंभीर आरोप; एसएसपी से की शिकायत
बरेली के किला इलाके में पिछले दिनों हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा हुआ था। मामले में किशोरी के जरिए बेकरी मालिक को फंसाने का प्रयास किया गया था। अब किशोरी की मां ने बेकरी मालिक पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में बेकरी मालिक को हनी ट्रैप में फंसाने वाली किशोरी की मां ने मंगलवार को एसएसपी से मिलकर बेटी को बेकसूर बताया। उन्होंने कहा कि गैंग ने उनकी बेटी को नौकरी दिलाने के लिए साक्षात्कार के बहाने होटल में बुलाया और दुष्कर्म किया। बेकरी मालिक ने जानबूझकर उनकी बेटी को फंसा दिया।
किला इलाके में पिछले दिनों हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा हुआ था। परसाखेड़ा में बेकरी चलाने वाले मुस्तकीम को किशोरी के जरिये होटल में बुलाकर फंसाने की कोशिश की गई थी। मुस्तकीम ने किशोरी के साथ ही किला चौकी प्रभारी सौरभ कुमार, सिपाही कोलेंद्र, कथित पत्रकार लीचीबाग निवासी गुलाम नवी आजाद, नावेद व चांद अल्वी पर रिपोर्ट कराई थी। एसएसपी ने दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया था।
तीन दिन पहले पुलिस ने आरोपी किशोरी को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे गाजियाबाद स्थित महिला संप्रेक्षण गृह भेज दिया था। एसएसपी ने कहा कि विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों के मोबाइल फोन खुले पर गिरफ्तारी नहीं
किला पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मियों व कथित पत्रकारों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगा रखी हैं। पुलिस के रिकॉर्ड में दोनों टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जबकि आरोपी रोज नए वीडियो बनाकर पुलिस व दूसरे पत्रकारों पर निशाना साध रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सभी आरोपियों के मोबाइल खुले हैं और वह शहर क्षेत्र में ही हैं। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।