सनसनीखेज: बच्चा न होने पर पत्नी को मारी दो गोलियां, एक पेट में लगी... दूसरी जबड़े को चीरकर निकली
बदायूं के सहसवान क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी को दो गोलियां मार दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। उधर, वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव जौनेरा में शनिवार सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी को दो गोलियां मार दीं। एक गोली उसके पेट में लगी है, दूसरी जबड़ा चीरते हुए निकल गई। महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक सबीना (35) नाम की विवाहिता का पांच साल पहले गांव जौनेरा निवासी राशिद के साथ निकाह हुआ था। अब तक सबीना से कोई बच्चा नहीं हुआ है। इसके चलते राशिद ने पांच माह पहले दूसरा निकाह कर लिया। सबीना भी उसके साथ घर में रहती है। परिवारवालों का कहना है कि शनिवार सुबह करीब सात बजे परिवारवाले सोकर उठे थे और घरेलू कामकाज करने लगे।
तीसरी गोली मारने जा रहा था राशिद
उसी दौरान राशिद ने तमंचा निकालकर सबीना के पेट में गोली मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही राशिद ने दूसरी गोली उसके चेहरे में दाग दी। वह तीसरे गोली मारने जा रहा था, तब तक परिवार वाले दौड़कर आ गए। उन्होंने राशिद को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सका और घर से भाग गया।
परिवारवाले घायल सबीना को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत काफी गंभीर है। उसे अलीगढ़ रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सबीना को बच्चे न होने पर राशिद शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शनिवार सुबह उसने हदें कर दीं। पुलिस आरोपी राशिद को तलाश कर रही है।