Bareilly News: हेड कांस्टेबल मंसूर को खाली करना होगा पीएसी परिसर का आवास, पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा था
पीलीभीत पुलिस ने हेड कांस्टेबल मंसूर खां समेत छह शिकारियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। मंसूर खां दो साल पहले तक बरेली में आठवीं वाहिनी पीएसी में तैनात था। कई साल से वह परिवार के साथ यहीं रह रहा था।
विस्तार
पीलीभीत पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल मंसूर खां को जेल भेज दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी बरेली में आठवीं वाहिनी पीएसी के गेट से की गई थी। अब पीलीभीत एसपी की रिपोर्ट पर कमांडेंट ने उसके परिवार को आवास खाली करने का नोटिस दिया है।
मंसूर खां दो साल पहले तक आठवीं वाहिनी में तैनात था। कई साल से वह परिवार के साथ पीएसी परिसर में ही रह रहा था। तीन दिन पहले पीलीभीत क्राइम ब्रांच व वहां की पुलिस उसे ले गई थी। इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन नाले में फेंक दिया था। वहां वन्यजीवों के मांस व खाल की तस्करी में रिपोर्ट दर्ज करके मंसूर व उसके साथियों को जेल भेजा गया है। मंसूर के खिलाफ पहले से भी मुकदमे चल रहे हैं।
सरकारी कर्मी होकर भी वह जानवरों के शिकार व अवैध गतिविधियों में लिप्त है। अब पीलीभीत एसपी की रिपोर्ट पर पीएसी कमांडेंट आकाश तोमर ने उसके बारे में जानकारी जुटाई है। परिवार को आवास खाली करने का नोटिस दिया है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के माला रेंज में दो चीतलों का शिकार कर वनकर्मी की बंदूक छीनकर भागने के मामले में पुलिस ने हेड कांस्टेबल मंसूर खां समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला है कि मंसूर ने ही वनकर्मी से बंदूक छीनी थी।
ये आरोपी हुए थे गिरफ्तार
गिरोह का सरगना जीशान, हेड कांस्टेबल मंसूर खां, न्यूरिया कॉलोनी निवासी सपन सरकार उर्फ काला, बिपलव, गांव गुलड़िया बिथरा निवासी गुरुविंदर सिंह, उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद के थाना धनकुईया के गांव बग्गा चौवन निवासी अब्दुल हकीम।
ये हुई बरामदगी
आरोपियों के पास से वनकर्मी से छीनी गई बंदूक के साथ ही एक डबल बैरल बंदूक, एक पौनिया, एक देसी बंदूक 12 बोर, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर 32 बोर, हिरन का सींग और मांस काटने के उपकरण भी बरामद हुए थे।
हेड कांस्टेबल मंसूर पर हत्या की कोशिश के दो मुकदमे दर्ज
चीतल के शिकार के मामले में मुठभेड़ की बाद पकड़े गए छह शिकारियों में अधिकांश का आपराधिक इतिहास है। जिसमें हेड कांस्टेबल मंसूर अली पर हत्या के प्रयास के दो मामले सहारनपुर जनपद में दर्ज हैं। इसके अलावा मुख्य आरोपी जीशान पर भी शहर कोतवाली में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी पीलीभीत के मोहल्ला भूरे खां निवासी जीशान ने बताया कि वह योजना बनाने के बाद अपने घर पर सभी को इकट्ठा करके असलहे उपलब्ध कराता था। उसने पहले भी कई बार शिकार करने की बात स्वीकार की। बताया कि शिकार को मारकर उसके सींग, खाल आदि की बिक्री के लिए रखते थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.