गन्ने के खेत में घुसे दो बदमाश: एक आरोपी दबोचा... दूसरे की तलाश में पुलिस ने की घेराबंदी, चकमा देकर हुआ फरार
Budaun News: बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर के वक्त ऐसी घटना हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो बदमाश लूट के इरादे से जनसेवा केंद्र में घुसे। फिर ऐसा हुआ कि बदमाशों को अपनी जान बचाने के लिए गन्ने के खेत में छिपना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के थाना उघैती क्षेत्र में जनसेवा केंद्र पर सोमवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाश आ धमके। बदमाशों ने तमंचा निकालकर लूटपाट करने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा लिया। दोनों बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भागने लगे। लोगों को पीछा करते देख दोनों गन्ने के खेत में घुस गए। ग्रामीणों ने पूरे गन्ने के खेत को घेर लिया। सूचना पर उघैती के अलावा बिल्सी, बिसौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया। दूसरे की तलाश कई घंटे ड्रोन के माध्यम से की गई, लेकिन वह लोगों को चकमा देकर भाग निकला। पकड़े गए बदमाश से पुलिस पूछताछ कर रही है।
सोमवार दोपहर की है घटना
उघैती शर्की निवासी अरविंद गांव स्वरुफपुर में जनसेवा केंद्र चलता है। जनसेवा केंद्र पर उसने पंजाब नेशनल की मिनी बैंक की शाखा भी खोल रखी है। सोमवार को दोपहर एक बजे लूटपाट करने के इरादे से दो बाइक सवार बदमाश जनसेवा केंद्र पर पहुंचे। एक बदमाश ने जैसे ही तमंचा निकाला तो ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों के बीच खुद को घिरता हुआ देख बदमाशों ने बाइक को छोड़ पैदल ही दौड़ लगानी शुरू कर दी।
UP News: लेखपाल ने रिश्वत में लीं चार केन बीयर, तब लगाई जाति प्रमाणपत्र पर रिपोर्ट, एसडीएम ने किया निलंबित
दूसरे बदमाश को नहीं चला पता
बदमाशों के पीछे लोग भी दौड़ पड़े। लोगों को पीछे आता देख दोनों बदमाश गन्ने के खेत में घुस गए। लोगों ने घेराबंदी कर गन्ने के खेत को खंगालना शुरू कर दिया। तीन थानों की पुलिस के साथ सीओ बिल्सी भी पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने एक बदमाश को हिरासत में ले लिया। लगभग चार घंटे तक ड्रोन के माध्यम से दूसरे बदमाश की तलाश पुलिस करती रही, लेकिन जब उसका कुछ पता नहीं चला तो पुलिस और ग्रामीण लौट आए।
अगर ग्रामीण के हाथ आ जाते बदमाश तो जान बचाना होता मुश्किल
बदमाशों को देख लोग काफी आक्रोशित थे। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद हर कोई बदमाशों को पकड़ने के लिए प्रयास करने लगा। लोग इतने आक्रोशित थे कि अगर बदमाश हाथ आ जाते थे तो उनके साथ में मारपीट की जा सकती थी। इससे कोई बड़ी घटना भी हो सकती थी।
खबर से संबंधित वीडियो
लाइसेंसी बंदूक लेकर भी पहुंचे लोग
जिस किसी को भी गन्ने के खेत में बदमाशों के होने की जानकारी मिली तो तमाम लोग अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर मौके पर पहुंच गए। एक अधेड़ ग्रामीण के हाथ में बंदूक देख लोगों ने जब पूछा कि बंदूक क्यों लेकर आए हो तो ग्रामीण ने कहा कि अगर बदमाश दिख जाए तो उन्हें गोली मार दूंगा।
सीओ बिल्सी उमेश कुमार ने बताया कि एक बदमाश को पकड़ लिया गया है। दूसरे की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।