Bareilly News: सपा नेताओं पर एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगने का आरोप, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली के सुभाषनगर थाने में सपा के जिला उपाध्यक्ष और सछास के जिलाध्यक्ष समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इन लोगों पर प्लॉट कब्जाने की कोशिश और एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में सपा नेताओं ने जबरन प्लॉट पर दीवार खड़ी कर कब्जा करने की कोशिश की। कब्जा छोड़ने के बदले एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित ने सुभाषनगर थाने में नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गणेश नगर निवासी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2012 में निरंजन को रुपये देकर जमीन का बैनामा कराया था। बैनामा कराने के बाद प्लॉट पर दीवार भी बनवा दी थी। जमीन महंगी हो गई तो निरंजन के साथ मिलकर त्रिलोकी, अवनीश मिश्रा, आकिब और राजवीर ने दोबारा जमीन का बैनामा करा लिया।
निरंजन ने कुछ अन्य लोगों को भी बैनामे कर दिए। इन लोगों के साथ सपा नेता नीरज मिश्रा और समर्थ मिश्रा उर्फ अमन जमीन पर पहुंचे और प्लॉट पर बनी दीवार के ऊपर निर्माण कराने लगे। रविंद्र प्रताप मौके पर पहुंचे और विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इन लोगों पर दर्ज कराई रिपोर्ट
आरोप है कि उक्त लोगों ने रविंद्र से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। सुभाषनगर थाने में निरंजन, त्रिलोकी, अकील, अविनाश मिश्रा, समर्थ मिश्रा, नीरज मिश्रा, रामभरोसे, मुनेंद्र उर्फ बंटू और राजवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते हैं कि समर्थ मिश्रा सपा के जिला उपाध्यक्ष और अवनीश उर्फ अविनाश मिश्रा समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष हैं। रविंद्र के मुताबिक आरोपियों पर पहले से जमीन कब्जाने के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। शिकायत करने वाले रविंद्र भी सपा से जुड़े हुए हैं।
आरोपी नेता बोले- प्रशासन को गुमराह कर कराई रिपोर्ट
सपा के जिला उपाध्यक्ष समर्थ मिश्रा ने बताया कि यह एफआईआर रविंद्र प्रताप सिंह ने प्रशासन को गुमराह कर कराई है। हमारे परिचित लोगों ने उस जमीन का एग्रीमेंट कराया है। इसमें हमारी या हमारे पिता की कोई भूमिका नहीं है। रंगदारी या कब्जे का कोई सवाल ही नहीं उठता है। हम इन पर मानहानि का मुकदमा करेंगे।