UP Board Result: यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पांच केंद्रों पर शुरू हुआ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन मंगलवार से पांच केंद्रों जीआईसी, जीजीआईसी, इस्लामिया कॉलेज, विष्णु कॉलेज और एसवी इंटर कॉलेज में शुरू हो गया है। शिक्षकों को थर्मल स्क्रीनिंग करके मूल्यांकन केंद्रों में प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था न होने से शिक्षकों में नाराजगी रही। इधर, माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) और वित्तविहीन शिक्षक संघ ने मूल्यांकन का यह कहकर विरोध किया है कि इससे शिक्षकों में संक्रमण का खतरा बना हुआ है। पहले दिन परीक्षकों की संख्या भी कम रही।
शिक्षकों को मास्क लगाकर पहुंचने की सख्त हिदायत दी गई है। केंद्र में प्रवेश से पहले शिक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। उनके हाथ भी सैनिटाइज कराए गए। इस्लामिया कॉलेज में गेट पर सैनिटाइजर न रखे होने पर शिक्षकों ने नाराजगी जताई तो कुछ देर बाद सैनिटाइजर मंगाया गया। जेडी डॉ. प्रदीप कुमार, बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव राकेश कुमार, डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह ने मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया। जीजीआईसी की प्रधानाचार्या अनु पाराशरी ने बताया कि बुधवार से केंद्र पर हिंदी, उर्दू और संस्कृत विषयों की कापियां चेक की जाएंगी। पूर्व एमएलसी रामबाबू शास्त्री ने मूल्यांकन केंद्रों पर व्यवस्था सही न होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि बरेली के केंद्रों पर पर्याप्त सफाई भी नहीं है। साबुन और सैनिटाइजर की भी व्यवस्था नहीं की गई है।
शिक्षकों को खतरे में डाल रहे अफसर
माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री डॉ. रणविजय सिंह यादव और जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश सिंह के नेतृत्व में संघ पदाधिकारियों ने केंद्रों पर जाकर मूल्यांकन कार्य का विरोध किया। कहा, बरेली अभी रेड जोन में है। ऐसे में मूल्यांकन कराके शिक्षकों और उनके परिवारों की जान खतरे में डाली जा रही है। उन्होंने गोरखपुर में मूल्याकंन केंद्र पर एक शिक्षिका की मौत पर दुख व्यक्त किया। इस दौरान ओमकार सिंह चौहान, मुकुल मोहन जोशी, मुन्नेश अग्निहोत्री, हरीश पांडे आदि मौजूद रहे।