Budget 2024: 'शिक्षा-स्वास्थ्य हो प्राथमिकता, मध्यम वर्ग को मिले राहत', आम बजट से ये हैं उम्मीदें
बरेली के अमर उजाला कार्यालय में संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें शिक्षक, व्यापारी व विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने आम बजट पर चर्चा की। कहा कि बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वहीं कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई।
विस्तार
देश का भविष्य संवारने के लिए बेहतर इलाज और शिक्षा की सुविधा और बेहतर करनी होगी। महंगाई से त्रस्त मध्यम वर्ग को राहत देनी होगी। कर्मचारियों को टैक्स स्लैब में राहत चाहिए। टैक्स, खपत, लोन के फेर में फंसे उद्यमियों का भी ध्यान रखना होगा। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं को बढ़ाना होगा और सेवानिवृत्ति के बाद जीवकोपार्जन के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करना होगा।
विभिन्न वर्गों से जुड़े विशेषज्ञों ने ऐसी कई मांगों को रविवार को अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उठाया। उद्यमियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और युवाओं ने 23 जुलाई को पेश होने जा रहे केंद्र सरकार के बजट से अपनी उम्मीदों पर चर्चा की। रुहेलखंड विवि के अर्थशास्त्र विभाग के शिक्षक प्रो.आशुतोष प्रिय ने कहा कि देश की जीडीपी बढ़ रही है लेकिन उपभोग का औसत आधा है। इससे जाहिर है कि लोगों की क्रय क्षमता नहीं बढ़ी है। मध्यम वर्ग सीधे प्रभावित है और उस राहत देने के लिए बजट में विशेष प्रावधान करने चाहिए।
एमएसएमई को मिलें सुविधाएं, जीएसटी की दरें समान हों
आईआईए प्रतिनिधियों ने कहा कि, कारोबारी उत्पादित माल की खपत के लिए बाजार तलाश रहा है। सरकार को इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसके अलावा देश की जीडीपी में माइक्रो, स्मॉल, मीडियम उद्योगों का योगदान 40 फीसदी है, लेकिन रियायतें बड़े उद्यमियों को मिल रही हैं। मूलभूत सुविधाएं मिलने में एमएसएमई लगातार नजरंदाज हो रहा है। छोटे उद्योग लगाने के लिए ऑफर तो कई बार मिले हैं, लेकिन अड़चनों को दूर करने पर काम नहीं हो रहा।
वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा में मिले छूट, टैक्स स्लैब भी बढ़े
संवाद में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने ट्रेन में सफर करने पर वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रियायत बंद करने पर आपत्ति जताते हुए इसे बहाल किए जाने की मांग उठाई। वरिष्ठ नागरिकों के बैंक में जमा रुपये पर ब्याज बढ़ाने, टैक्स की दर कम करने, टैक्स स्लैब भी बढ़ाए जाने की मांग की। शिक्षक संघ व ट्रेड यूनियन के सदस्यों ने वेतनभोगियों के लिए टैक्स का स्लैब बढ़ाकर दस लाख रुपए किए जाने की मांग की।
खाली पद भरे जाएं, सरकारी कामकाज में ठेका प्रथा से नुकसान
कर्मचारियों ने कहा कि सरकारी विभाग पूरी क्षमता से काम नहीं कर रहे। इसलिए खाली पदों को भरा जाए। कामकाज में ठेका प्रथा और निजीकरण से देश को नुकसान हो रहा है। रेलवे में कई अप्रशिक्षित कर्मी रखे गए हैं, जो भविष्य में दुर्घटना की वजह बन सकते हैं। दूरसंचार, जीवन बीमा, रेलवे, बिजली व अन्य विभागों के निजीकरण से देश को नुकसान हो रहा है। केंद्र सरकार इस व्यवस्था पर अंकुश लगाए।
बेरोजगारी दूर हो, बेहतर और सस्ती शिक्षा की मांग
युवाओं ने सस्ती और गुणवत्ता युक्त शिक्षा मुहैया कराने की मांग की। पेपर लीक प्रकरण पर अंकुश लगे, बेरोजगारी दूर करने के लिए ठेका प्रथा समाप्त कर सरकारी नौकरी की व्यवस्था हो। नई शिक्षा नीति को संशोधित किया जाए। प्रदेश में खासतौर पर रुहेलखंड में आईआईटी व आईआईएम जैसे संस्थान खोले जाएं।
ये भी आए सुझाव
- जीएसटी के दायरे में शामिल हो डीजल, पेट्रोल।
- इलेक्ट्रिक से ज्यादा ग्रीन एनर्जी बढ़ाने के हों प्रयास।
- उद्यमियों के लिए बिजली बिल की दरें सभी राज्य में एक समान हों।
- 80 सी के तहत कर मुक्त किए जाएं निवेश और व्यय।
- हेल्थ इंश्योरेंस जीएसटी मुक्त हो, सस्ती शिक्षा हो।
- खत्म हो डिफाल्टर विश फुल लिस्ट का नियम।
- पर्यावरण संरक्षण के लिए जैविक ईंधन पर जोर।
- लघु उद्यमियों को मिले मुद्रा योजना का लाभ।
- जांच के दायरे में लाया जाए ऑनलाइन व्यापार।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से प्रो. आशुतोष प्रिय, आईआईए के सचिव रजत मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष सलिल बंसल, मीडिया प्रभारी ध्रुव खनिजो, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष उन्मुक्त संभव शील, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विकास अग्रवाल, जिला युवा अध्यक्ष अनुज गुप्ता, महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, युवा प्रभारी रिशभ अग्रवाल, उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री डॉ. नरेश सिंह प्रजापति, जिलाध्यक्ष नवनीत कुमार शर्मा, एनसीसी कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. अंचल अहेरी, भारतीय स्टेट बैंक बरेली मंडल के सहायक महामंत्री नवींद्र कुमार, बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा, अध्यक्ष मुकेश सक्सेना, पीएनबीएसयू यूपी के सहायक महामंत्री चरन सिंह यादव, बरेली कॉलेज के प्रो. अनूप कुमार, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के रजनीश तिवारी, एनएसएस मोहित
शर्मा, छात्र नेता गजेंद्र कुर्मी, रेलवे से मुकेश कुमार मीना, गजानंद मीना, एनईआर इज्जतनगर अनवारुल हसन, प्रमोद यादव मौजूद रहे।