फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Ten were without a helmet biker , who lost their lives

दस बाइकर बिना हेलमेट थे, जान गवां बैठे

Sat, 26 Mar 2016 02:08 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला बरेली
ब्यूरो, अमर उजाला बरेली Updated Sat, 26 Mar 2016 02:08 AM IST
विज्ञापन
Ten were without a helmet biker , who lost their lives
हादसे में जान गई
बाइक सवारों का होली पर हुड़दंग, चेहरा गुलाल और रंगों से पुता हुआ लेकिन सिर पर हेलमेट नहीं। जिले में दस लोग इस लापरवाही की भेंट चढ़ गए। कोई नशे में था तो कोई एक बाइक में ट्पिल राइडिंग कर रहे थे। मरने वालों में ज्यादातर नए उम्र के लड़के हैं जिनकी छोटी से लापरवाही से उनके घरों में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। यदि हेलमेट पहनने की छोटी से सतर्कता बरती जाती तो शायद जान बच सकती थी।
विज्ञापन


बाइक दौड़ाना  जानलेवा बन गया
आंवला। घर वालों को बताए बिना दोस्त के साथ बाइक पर निकले हाईस्कूल के छात्र को होली की मस्ती जानलेवा बन गई। टांडा के  प्रधान भूपेंद्र सिंह का इकलौता बेटा 15 साल के अभिषेक चौहान उर्फ  चीकू ने इसी साल मानस स्थली  से हाईस्कूल की परीक्षा दी है और 19 मार्च को घर आया था। वह गौटिया के भूरे के साथ बाइक से बजीरगंज चला गया। लौटते समय आंवला-बदायूं रोड पर देवी गांव के पास सामने से आ रही कार का टायर फट गया। अभिषेक की बाइक उससे टकरा गई। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। माता पिता उसे इंजीनियर बनाना चाहते थे। घायल भूरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  
विज्ञापन


बाइक सवार दंपति को मैक्स ने कुचला
रिछा।  बहेड़ी के मिन्तरपुर गांव के 45 साल के सोमपाल अपनी पत्नी 42 वर्षीय राजकुमारी को लेकर ससुराल शेरगढ के कुंवरगढ़ा से लौट रहे थे। शाम चार बजे नैनीताल हाईवे पर रिछा रेलवे स्टेशन के सामने मैक्स ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। राजकुमारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सोमपाल की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घायल सोमपाल काफी देर तक मदद के लिए गुहार लगाता रहा। लोगों ने देवरनियां पुलिस को कई बार फोन किया मगर वह एक घंटे बाद पहुंची। 
विज्ञापन
विज्ञापन


बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत
शीशगढ़। धनेटा मार्ग पर  बृहस्पतिवार रात नौ बजे बहेड़ी का 21 साल का रिजवान अपने साथी जहीर और वासिद के साथ बाइक से जाफरपुर से लौट रहा था। धनेटा मार्ग पर उसकी बाइक शाही के सिहौर निवासी 26 साल के जितेंद्र कुमार और सोहन लाल की बाइक से टकरा गई। जोरदार टक्कर में पांचों घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाने पर रिजवान और जितेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। जहीर और सोहन लाल जिला अस्पताल में भर्ती हैं। उधर भीकमपुर गांव का राजकुमार बाइक से उत्तराखंड से लौट रहा था। सेमीखेड़ा गांव के पास शारदा नहर पर बाइक पेड़ से टकरा गई। राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। दोनों शराब के नशे में थे। 

खंभे से टकराई दो बाइकें  दो की जान गई
बरेली।  इज्जतनगर के मठ लक्ष्मीपुर का रहने वाला 25 वर्षीय सोमवीर सीएआरआई में ठेकेदार के साथ काम करता था। बृहस्पतिवार दोपहर बारह बजे बाइक से आईवीआरआई कैंपस स्थित अस्पताल के सामने से गुजर रहा था। बाइक की स्पीड तेज थी। अचानक ब्रेक मारने पर बाइक उछलकर खंभे से जा टकराई। खाली सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। अलीगंज सूदनपुर गांव का 29 वर्षीय वीरपाल की बाइक मझगवां ब्लाक के सामने खंभे से टकरा गई। उसने भी दम तोड़ दिया। उसका साथी चंद्रसेन घायल हो गया। 

बड़ा बाईपास पर भी दो मौतें
बरेली। होली मिलकर लौट रहे बाइक सवार युवकों को बड़ा बाईपास पर बिथरीचैनपुर के कचौली गांव के पास वाहन ने टक्कर मार दी। बिथरीचैनपुर के सिसुइया गांव के वीरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि महेशपुरा के इंद्रपाल की मौत जिला अस्पताल में हुई। 

और भी बाइकें भिड़ी
 दुनका। गुगई गांव का रामसेवक चंदौसी निवासी साढ़ू बाबूराम को बाइक पर बैठाकर मीरगंज से घर लौट रहा था। कुल्छा खुर्द गांव के सामने कार ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मीरगंज-हल्दीकलां-सहोड़ा रोड पर सहोड़ा गांव के पास बाइक की टक्कर से साइकिल सवार सिहौर का अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। कुरतरा का कुशलेश अपने पिता ब्रजलाल और मां प्रेमवती को बाइक पर बैठाकर रिश्तेदारी में भोजीपुरा के गांव परधोला होली मिलने जा रहा था। शंखा पुल पर कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी।

यहां भी हादसे
फतेहगंज पश्चिमी। शुक्रवार शाम पांच बजे फतेहगंज पश्चिमी से आ रहा टेंपो कस्बे में बैंक ऑफ बडौ़दा के पास अंडरपास के सामने  पलट गया। कुल्छा खुर्द की चमेली देवी और नौसना की जमुना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।  टेंपो पलट गया।उधर  शंखा ओवरब्रिज पर रेलिंग से टकराकर टेंपो पलटने से बहादुरपुर निवासी अंगनलाल और उनके परिवार की दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं
बरेली के ग्रीनपार्क के पास 42 साल के ओमपाल और प्रेमनगर निवासी राजेश नशे की हालत में रोडवेज बस अड्डे पर मिले। उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। कुदेशिया रेलवे कॉलोनी के रविंद्र सिंह और विजेंद्र सिंह भी हादसे में घायल हो गए। लखपत सिंह और उनका बेटा प्रेमपाल होली पर अपने रिश्तेदारी में भुता जा रहे थे इज्जतनगर इलाके में अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। 


कार पलटने से युवक की मौत
बरेली। प्रेमनगर के मोहल्ला बानखाना निवासी वसीम खां का साला यासीन शुक्रवार को  बीसलपुर गया था। रास्ते में उसकी कार खराब हो गई थी। यासीन ने बारह पत्थर चौराहे पर एक मैकेनिक की दुकान पर कार सही कराई और ट्राई लेने के लिए पीलीभीत रोड पर चला गया। बारात घर के सामने गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। कार से दबकर 40 वर्षीय यासीन की मौके पर ही मौत हो गई। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed