ढूंढों कहां छिपे हैं ये बच्चा टप्पेबाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीआईजी आरकेएस राठौर ने शनिवार को अपने कार्यालय में कोतवाली, बारादरी, प्रेमनगर और सीबीगंज थाना प्रभारी को बुलाया। इन इलाकों में ऐसी सर्वाधिक वारदातें हुई हैं। बैठक में एसपी सिटी, एसपी क्राइम भी मौजूद रहे। डीआईजी ने शहर के थाना क्षेत्रों में वाहन का शीशा तोड़कर नगदी, जेवर, लैपटॉप उड़ाने की घटनाएं बढ़ने पर नाराजगी जताई। पूर्व में हुई घटनाएं न खुलने पर थाना प्रभारियों को कार्रवाई की हिदायत दी। कहा कि शहर में इस तरह की घटना होना पुलिस के लिए चैलेंज है। कहा कि पूरी योजना के साथ पुलिस टप्पेबाज गैंग का पर्दाफाश करे। एसएचओ के साथ चौकी इंचार्ज भी गैंग को पकड़ने में सहयोग करें।
इन घटनाओं का नहीं हो पाया खुलासा
कोतवाली इलाके के चौकी चौराहे पर कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के बेटे की कार का शीशा तोड़कर ढाई लाख रुपये निकाल ले गए थे। कोतवाली इलाके में ही कुतुबखाना चौकी के पास सिरौली चेयरमैन ममता पांडेय की स्कार्पियो का शीशा तोड़कर टप्पेबाज लाखों रुपये के जेवर से भरा बैग चुरा ले गए थे। इसके अलावा कृष्णा लॉन में पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन की गाड़ी का शीशा तोड़कर उनका पर्स उड़ा दिया। प्रेमनगर इलाके में लखीमपुर खीरी के छात्र की कार का डीडीपुरम के पास शीशा तोड़कर टप्पेबाज लैपटॉप आदि चुरा ले गए थे। इसके बाद सीबीगंज में मेरठ के ठेकेदार की गाड़ी का शीशा तोड़कर टप्पेबाज तीन लाख से भरा बैग उड़ा ले गए थे।
इन घटनाओं का खुलासा भी नहीं हुआ था कि शुक्रवार को टप्पेबाज कोतवाली इलाके के पुलिस लाइंस के पास वर्धमान डिग्री कॉलेज बिजनौर के ओएसडी ओमदत्त आर्य की कार की खिड़की से 40 हजार नगदी से भरा बैग उड़ा ले गए। इसके अलावा शुक्रवार को ही बारादरी इलाके में झारखंड के फैक्ट्री मालिक पीसी अग्रवाल की गाड़ी से लैपटॉप और पंद्रह हजार रुपये भरी अटैची उड़ा ले गए।
वर्जन
गैंग को पकड़ने में सफेद कपड़ों में भी लगेगी पुलिस
शहर में वाहन का शीशा तोड़कर अटैची, लैपटॉप उड़ाने में कोई बच्चा गैंग सक्रिय हो गया है। बच्चे होने के कारण कोई इन पर ज्यादा शक भी नहीं करता है और वे वारदात कर जाते हैं। एसपी सिटी, एसपी क्राइम और थाना प्रभारियों समेत पुलिस फोर्स को इनसे सतर्क होने के निर्देश दिए हैं। गैंग को ट्रेस करने के लिए पुलिस कर्मियों को सादा कपड़ों में भी लगाने को कहा गया है। जिससे जल्द ही पूरे गैंग का पर्दाफाश हो सके। -आरकेएस राठौर, डीआईजी बरेली।