बरेली: गोकशी का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस और पशु काटने के उपकरण बरामद
बरेली में गोकशी के मामले में वांछित आरोपी छोटा उर्फ राशिद को पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। कैंट थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से हथियार और पशु कटान के उपकरण बरामद किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में पुलिस ने गोकशी के मामले में वांछित आरोपी छोटा उर्फ राशिद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से हथियार, कारतूस, स्कूटी और पशु कटान के उपकरण बरामद किए हैं। यह मुठभेड़ बृहस्पतिवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे कैंट थाना क्षेत्र के कठपुला पुल के पास हुई।
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी के मुकदमे में वांछित आरोपी कठपुला पुल से गुजरेगा। सूचना पर पुलिस टीम कठपुला पुल की ओर रवाना हुई। कृष्णा कॉलोनी की तरफ से एक व्यक्ति स्कूटी पर आता दिखा। पुलिस को देखकर उसने स्कूटी तेजी से भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। गड्ढे और फिसलन के कारण उसकी स्कूटी कठपुला पुल के पास गिर गई।
पुलिस पर की फायरिंग
खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। उसने कठपुला पुल के पास मैदान की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पीलीभीत का निवासी है तस्कर
सीओ सिटी ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान छोटा उर्फ राशिद के रूप में हुई है। वह पीलीभीत जिले के बीसलपुर का निवासी है। यह आरोपी थाना कैंट में दर्ज प्राथमिकी में वांछित था। यह प्राथमिकी 23 अगस्त को नकटिया नदी के पुल के पास गोवंशीय अवशेष मिलने के बाद गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज की गई थी। मामले में 30 अगस्त को दो अन्य आरोपी पैकर इल्मास वारसी खान और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।