Bareilly News: मेजर की बेशकीमती कोठी पर कब्जे को लेकर विवाद, पूर्व पार्षद समेत 13 लोगों पर रिपोर्ट
दिवंगत मेजर की पत्नी ने एसपी सिटी के आदेश पर पूर्व पार्षद समेत 13 लोगों पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरा पक्ष 20 दिन पहले ही रिपोर्ट करा चुका है। दो पक्षों के विवाद की वजह से इस कोठी पर भूमाफिया की भी नजर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में चौकी चौराहे के पास स्थित 1500 वर्गगज में फैली मेजर की बेशकीमती कोठी पर कब्जे को लेकर नूराकुश्ती थमने का नाम नहीं ले रही। दिवंगत मेजर की पत्नी ने एसपी सिटी के आदेश पर पूर्व पार्षद समेत 13 लोगों पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरा पक्ष 20 दिन पहले ही रिपोर्ट करा चुका है।
दो पक्षों के विवाद की वजह से इस कोठी पर भूमाफिया की भी नजर है। कुछ नेता भी इसमें दिलचस्पी ले रहे हैं। जब भी दोनों पक्षों में विवाद होता है कि अलग-अलग पक्ष की ओर से नेता, प्रॉपर्टी डीलर व अन्य रसूखदार लोग अधिकारियों को कॉल करते हैं।
आईसीआईसीआई बैंक के सामने पॉश इलाके में दिवंगत मेजर राजेंद्र सिंह की बेशकीमती कोठी है। मेजर की पत्नी रश्मि पवार प्रधानाचार्य थीं, अब वह 78 साल की हैं। अक्सर वह अपने परिजनों व रिश्तेदारों के पास हल्द्वानी व अन्य शहरों में चली जाती हैं। पिछले दिनों वह लखनऊ पीजीआई में इलाज कराने गई थीं।
कोठी में उनके केयर टेकर व कर्मचारी निर्माण करा रहे थे। रश्मि पवार ने रिपोर्ट कराई है कि 27 दिसंबर को अपराह्न तीन बजे बिहारीपुर खत्रियान निवासी पूर्व पार्षद प्रहलाद मेहरोत्रा, उसका बेटा अंशुल अपने साथ दीपक कैडबरी वाले और 10 अज्ञात लोगों के साथ असलहे लेकर वहां पहुंच गए। इन लोगों ने उनके मैनेजर भुवनेश शर्मा, केयर टेकर लाखन सिंह व मुन्नी देवी से गाली-गलौज और पिटाई की।
निर्माण सामग्री तोड़ दी और बिजली मीटर उखाड़ दिया। कब्जे की नीयत से दरवाजे पर ताले डालकर चले गए। कर्मचारियों ने रश्मि को इसकी जानकारी दी। वह बरेली लौटकर एसपी सिटी से मिलीं। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इससे पहले रश्मि पवार ने मेयर उमेश गौतम से भी शिकायत की थी।
वर्ष 1960 में हुआ था बंटवारा
पुलिस के मुताबिक मेजर समेत दो लोगों में इस बेशकीमती कोठी का बंटवारा वर्ष 1960 में हुआ था। इसके बाद पॉवर ऑफ अटार्नी को लेकर विवाद होते रहे। एक पक्ष ने कुछ हिस्सा कब्जा लिया था। तब से दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं।
प्रहलाद पक्ष ने पहले कराई रिपोर्ट
20 दिन पहले प्रहलाद मेहरोत्रा ने रश्मि पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी। इस पक्ष ने जो कागजात दिखाए थे, उनके हिसाब से एक हिस्से पर उनका वैधानिक अधिकार है। आरोप लगाया कि जब वह लोग अपने हिस्से में गए तो मेजर पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। कोतवाली पुलिस उस मामले की भी विवेचना कर रही है।
प्रशासन को भेजी रिपोर्ट
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्ष अपने दावे कर रहे हैं। पहले से भी एनसीआर व एफआईआर दर्ज हैं। इस मामले में आरोपी पक्ष ने भी पेश होकर खुद के बेकसूर होने का दावा किया है। विवेचक को बुलाकर निर्देश दिए हैं कि प्रशासनिक टीम से मदद लेकर जांच पूरी करें।