Bareilly News: सिपाही ने सोशल मीडिया पर लिखा- मिशन 2027, खुद को बताया जननायक; एसएसपी ने किया निलंबित
बरेली में एक सिपाही ने सोशल मीडिया पर खुद को जननायक बताया। मिशन 2027 लिखा। साथ ही कई अमर्यादित पोस्ट भी की। इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया।
विस्तार
सिपाही ने सोशल मीडिया पर सर आकिब पाशा नाम से खुद को प्रदर्शित कर रखा है। आकिब स्वयं को जननायक, समाज सुधारक, दार्शनिक और लेखक के तौर पर दिखाता है। खुद को जननायक बताते हुए मिशन 2027 लिखकर आकिब ने खुद को नेता के तौर पर दिखाया है। उसके फेसबुक अकाउंट से महिलाओं पर कटाक्ष करती एक आपत्तिजनक पोस्ट भी साझा की गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सिपाही आरमोरर आकिब को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली में प्रेम विवाह के एक साल बाद पत्नी की हत्या, गला काटकर बेड के नीचे छिपाया शव; पति-देवर हिरासत में
कॉल रिकार्डिंग में बहके दरोगा, एसएसपी ने दरोगा को किया लाइन हाजिर
फोन पर बातचीत में अमर्यादित शब्दावली के इस्तेमाल में सीबीगंज थाने के दरोगा नितिन कुमार पर भी कार्रवाई की गई है। कस्बा चौकी प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण मामलों की विवेचना कर रहे नितिन कुमार ने एक मुकदमे की वादी से बातचीत के दौरान अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इसकी जानकारी एसएसपी अनुराग आर्य को मिली तो उन्होंने प्रारंभिक जांच कराने के बाद नितिन कुमार को लाइन हाजिर कर दिया, साथ ही अनुशासन में रहने की चेतावनी दी गई।
एसएसपी ने जांच कराई तो पता लगा कि नितिन कुमार प्रशिक्षु दरोगा है। कुछ महीने पहले मीरगंज थाने के एक मामले में उन्हीं ने नितिन कुमार को निलंबित किया था। करीब पांच महीने पहले बहाली के बाद नितिन को सीबीगंज में तैनाती मिली थी और अब यहां भी कार्रवाई झेलनी पड़ी।