Tariff Hike: जुलाई में बीएसएनएल में पोर्ट हुए 14505 नंबर, बरेली सर्किल में सिम की बिक्री भी बढ़ी
निजी टेलीकॉम कंपनियों के टैरिफ प्लान महंगे हुए तो उपभोक्ता अब बीएसएनएल की तरफ रुख करने लगे हैं। बीते एक महीने में बरेली सर्किल में बीएसएनएल के सिम की बिक्री बढ़ी है तो हजारों नंबर पोर्ट भी कराए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निजी टेलीकॉम कंपनियों द्वारा टैरिफ में 27 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद हजारों उपभोक्ता भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनल) से जुड़ गए हैं। जुलाई में ही बरेली सर्किल में बीएसएनएल के 92 हजार सिम बिके। 14,505 उपभोक्ता निजी कंपनियों से छिटककर बीएसएनएल से जुड़े हैं।
अब बीएसएनएल ने 370 बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) पर 4जी सेवा भी शुरू कर दी है। 123 बीटीएस की क्षमता वृद्धि का कार्य जारी है। माह भर में सभी बीटीएस पर 4जी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। यह जानकारी बृहस्पतिवार को बीएसएनएल के महाप्रबंधक पंकज पोरवाल ने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि बरेली सर्किल में बरेली, बदायूं, पीलभीत, अमरोहा, संभल, रामपुर जिले शामिल हैं। बढ़ी मांग के अनुसार नेटवर्क सेवा देने के लिए निगम बड़े पैमाने पर कार्य कर रहा है। सभी टावरों को 4जी में अपग्रेड किया जा रहा है। टीसीएस कंपनी इन्हें अपग्रेड कर रही है। बरेली सर्किल में 742 बीटीएस और लगाए जा रहे हैं। पहले चरण में 533 बीटीएस स्थापित किए जा रहे हैं। 493 पर सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।
जुलाई में कहां कितने सिम बिके, कितने पोर्ट
जिला नए सिम - पोर्ट
बदायूं 16154 - 1645
बरेली 26196 - 4080
मुरादाबाद 22489 - 4504
(अमरोहा, संभल)
पीलीभीत 11903 - 1621
रामपुर 15241 - 2655
30 अगस्त तक अपग्रेड हो जाएंगे सभी सिम
महाप्रबंधक के मुताबिक बरेली सर्किल में वर्तमान में सक्रिय 70,424 उपभोक्ताओं के सिम 4जी में मुफ्त अपग्रेड करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसमें 23,875 सिम अपग्रेड हो चुके हैं। शेष उपभोक्ताओं के सिम 30 अगस्त तक अपग्रेड किए जाने का लक्ष्य है। इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, शॉपिंग मॉल्स, बाजारों समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शिविर लगाए जाएंगे।