UP: तौकीर रजा के भाई की मार्केट तोड़ने पहुंची बीडीए की टीम, मौलाना बोले- पुलिस रच रही मेरी हत्या की साजिश
बरेली में बुधवार को आला हजरत दरगाह के पास स्थित मौलाना तौकीर रजा के भाई फैज रजा की मार्केट पर बरेली विकास प्राधिकरण की टीम पहुंच गई। टीम ने निशान लगाना शुरू किया तो खलबली मच गई। हालांकि बाद में नक्शा बनवाने का निर्देश देकर टीम लौट गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की ओर से सामूहिक गिरफ्तारी का एलान किए जाने के बाद पुलिस के अलावा प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया है। बुधवार को आला हजरत दरगाह के पास स्थित उनके भाई फैज रजा की मार्केट पर बरेली विकास प्राधिकरण की टीम पहुंच गई। साथ में कोतवाल डीके शर्मा और उनकी पुलिस टीम भी थी।
बीडीए की टीम ने निशान लगाना शुरू किया तो मौके पर भीड़ लग गई। टीम के सदस्यों से हल्की नोकझोंक हुई। बाद में अधिकारियों को कॉल की गई। इसके बाद तोड़फोड़ का इरादा छोड़कर टीम मानचित्र बनवाने का निर्देश देकर लौट आई।
मौलाना ने पुलिस पर लगाया ये आरोप
मौलाना तौकीर रजा खां ने कहा कि सिक्योरिटी हमारे पास बहुत पहले से है, अचानक सिक्योरिटी हटाने का क्या मतलब है। बरेली पुलिस ने हमारी हत्या का प्रोग्राम बनाया है। इसीलिए हमारी सिक्योरिटी वापस ले ली गई है। मैं दिल्ली में हूं। बरेली लौटते समय मेरी दुर्घटना कराई जा सकती है। आतंकवादी हमला कराया जा सकता है। मगर मैं मुद्दों से नहीं हटूंगा। नौ फरवरी को बरेली आकर गिरफ्तारी दूंगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली से वापस आते समय यदि मुझे कहीं रोका गया तो वहीं अपनी गिरफ्तारी दूंगा। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि मौलाना की सुरक्षा में लगाए गए सिपाहियों को ट्रेनिंग पर जाना है। उन्हें इसलिए हटाया गया है। उनकी जगह पर दूसरे सिपाहियों की तैनाती कर दी जाएगी।
माहौल बिगड़ा तो होगी कार्रवाई
एसपी सिटी राहुल भाटी ने कहा कि नौ फरवरी को इस्लामिया इंटर कॉलेज में जनसभा करने को लेकर कोई अनुमति नहीं ली गई है। इस बारे में संबंधित संगठन के लोगों को बता दिया गया है और नोटिस भी जारी किए गए हैं। वायरल हो रहे पर्चे के आधार पर रिपोर्ट भी कराई गई है। किसी ने माहौल बिगड़ने की कोशिश की तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। हालांकि, सौहार्दपूर्ण बातचीत का रास्ता भी खुला हुआ है।