Bareilly News: पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, मुख्य आरोपी नासिर गिरफ्तार
बरेली में अवैध पटाखा फैक्टरी विस्फोट के मामले में नासिर समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी नासिर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सिरौली थाने के कल्याणपुर गांव में अवैध पटाखा फैक्टरी में बुधवार शाम हुए धमाके के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में नासिर समेत सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी नासिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसी के नाम आतिशबाजी का लाइसेंस था। 10 दिन पहले नासिर के सिरौली कस्बा स्थित घर की तीसरी मंजिल पर धमाके हुए थे। तब पुलिस ने मामूली रिपोर्ट लिखकर खानापूरी की और अग्निशमन विभाग ने भी कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की थी।
पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सिरौली थाना प्रभारी को लाइनहाजिर करने के साथ ही चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनके खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि सीएफओ और सीओ (क्षेत्राधिकारी) की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी।
10 दिन पहले भी हुआ था धमाका
सिरौली के मोहल्ला कौवा टोला में आतिशबाज नासिर व नाजिम का घर है। बताते हैं कि नासिर के पास आतिशबाजी का लाइसेंस है, लेकिन भंडारण का लाइसेंस नहीं है। 21 सितंबर को नासिर की छत पर पटाखे सुखाते वक्त इसमें आग लग गई थी। धमाके से पूरा इलाका दहल गया था। मौके पर जब तक पुलिस पहुंचती, तब तक पटाखे और उनका मलबा हटवा दिया गया था।
कस्बा चौकी प्रभारी की ओर से नासिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फायर ब्रिगेड भी मौके पर गई थी लेकिन आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इससे नासिर व नाजिम ने सेटिंग के दम पर धंधा बंद करने के बजाय अपनी ससुराल कल्याणपुर में शिफ्ट कर दिया। यहां अपने ससुर रहमान शाह के घर में पटाखा बनाने व उसका भंडारण करने लगा था।
विस्फोट में छह की मौत
अगर समय रहते जिम्मेदारों ने कार्रवाई की होती तो यह हादसा टल जाता, लेकिन पुलिस से सेटिंग के जरिये आबादी के बीच भी अवैध पटाखा फैक्टरी चलता रहा और बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। पटाखा फैक्टरी में हुए जोरदार धमाके से पांच घर जमींदोज हो गए। मलबे में दबने से दो बच्चों और चार महिलाओं की मौत हो गई। चार घायलों का उपचार चल रहा है।
बृहस्पतिवार शाम सिरौली के मोहल्ला कोऑटोला निवासी नासिर शाह को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य की तलाश की जा रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ थाना सिरौली में गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें नासिर शाह, उसके चार भाई, ससुर रहमान शाह, वाहिद पुत्र रहमान शाह नामजद हैं। घटना की जांच कराई जा रही है।