Bareilly News: बरातघरों में घरेलू सिलिंडर पर पकाया भोजन तो होगी कार्रवाई, अब आयोजकों के सामने चुनौती
वैवाहिक समारोहों में घरेलू एलपीजी सिलिंडर के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मंगलवार को सार्वजनिक नोटिस जारी होने के बाद बुधवार को बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन ने संचालकों को अलर्ट किया। बरातघर संचालक अब आयोजकों को केवल व्यावसायिक सिलिंडर इस्तेमाल करने की जानकारी दे रहे हैं। पर्याप्त व्यावसायिक सिलिंडर की उपलब्धता आयोजकों के लिए चुनौती बन गई है।
विस्तार
बरेली में वैवाहिक समारोह में घरेलू सिलिंडर पर प्रतिबंध और कार्रवाई की चेतावनी से आयोजकों के सामने पर्याप्त संख्या में व्यावसायिक सिलिंडर की उपलब्धता चुनौती बन गई है। बरातघर संचालक घरेलू सिलिंडर का प्रयोग हॉल में न करने को लेकर आयोजकों को कॉल कर रहे हैं।
दरअसल, लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की किल्लत के दौरान घरेलू उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो इसलिए वैवाहिक व अन्य समारोहों समेत होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, ठेला आदि पर घरेलू सिलिंडर के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा है। निरीक्षण के दौरान पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी जिला पूर्ति विभाग ने जारी की है।
मंगलवार को उपक्रम से जुड़े लोगों को सार्वजनिक नोटिस भेजा गया। इसका संज्ञान लेकर बुधवार को बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन की ओर से सभी संचालकों को किसी भी स्थिति में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग न करने का अलर्ट जारी किया है।
अलर्ट के बावजूद अगर किसी बरातघर में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग पकड़ा गया तो एसोसिएशन से सहयोग नहीं मिलेगा। इसलिए बुधवार को संचालकों ने बुकिंग कराने वालों को कॉल कर हॉल के भीतर सिर्फ व्यावसायिक सिलिंडर के प्रयोग की जानकारी दी है, ताकि कोई अड़चन न रहे।
व्यावसायिक सिलिंडर मिलने से राहत पर पर्याप्त नहीं
कैटर्स कारोबारी अमन गुप्ता के मुताबिक, प्रशासन से व्यावसायिक सिलिंडर वितरण से आयोजकों को राहत मिली है। हालांकि, यह मांग के सापेक्ष नहीं मिल रहे हैं। छह से आठ सिलिंडर मांगने पर तीन-चार ही मिल पा रहे हैं। यही दिक्कत कैटर्स कारोबारी सूरज गुप्ता ने भी बताई। कहा कि ऐसी स्थिति में वे पकवान जो हाफ फ्राई होते हैं और मिठाई को पहले ही तैयार कर ले रहे हैं ताकि आयोजन स्थल पर सिलिंडर का कम प्रयोग हो सके।
रिश्तेदार, पड़ोसी से मांगे थे सिलिंडर, अब परेशान
बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के संरक्षक गोपेश अग्रवाल के मुताबिक वैवाहिक आयोजन में पकवानों के सापेक्ष कैटर्स के अनुसार घरेलू सिलिंडर की व्यवस्था तमाम आयोजकों ने रिश्तेदार, पड़ोसियों से की थी। अब व्यावसायिक का ही प्रयोग करने की जानकारी देने पर नोकझोंक की स्थिति है। हालांकि, साफ तौर पर बता दिया गया है कि घरेलू सिलिंडर पर हॉल के भीतर भोजन नहीं पकने देंगे।