बरेली में 10 माह का बच्चा चोरी: घर में माता-पिता के बीच सो रहा था मासूम, रात में कोई उठा ले गया
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र के ग्राम पंचायत बकैनिया में 10 माह का बच्चा चोरी हो गया। मासूम शनिवार रात घर में अपने माता-पिता के बीच सो रहा था। तड़के जब उनकी नींद टूटी तो बेटा बिस्तर पर नहीं मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बकैनिया के मोहल्ला नई बस्ती रेशम बाग में घर के अंदर माता-पिता के बीच सो रहा 10 माह का बच्चा चोरी हो गया। जागने पर जब माता-पिता को बेटा नहीं मिला तो उन्होंने तलाश शुरू की। घंटों खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता न लगने पर पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार देर रात तक पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुटी रही, मगर सुराग नहीं मिला।
नई बस्ती रेशम बाग निवासी रूपराम ने फरीदपुर इंस्पेक्टर राधे श्याम को बताया कि वह प्लाइवुड फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। उनके चार बच्चे हैं। इनमें दो बेटियां व दो बेटे हैं। शनिवार रात तीन बच्चे अलग व 10 माह का सबसे छोटा बेटा कुश उनके व पत्नी के बीच में सो रहा था। रात करीब 11 बजे तक परिवार के सदस्य एक-दूसरे से बात करते रहे। सुबह करीब चार बजे आंख खुली तो कुश बिस्तर पर नहीं मिला। घर में देखने पर जब वह नहीं मिला तो मोहल्ले में तलाश की। शोर-शराबा होने पर लोग भी जुट गए।
नहीं लगा बच्चे का सुराग
घंटों खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो तहरीर लेकर पुलिस के पास पहुंचे। बच्चा चोर गिरोह पर संदेह जताया। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।
रूपराम ने बताया कि उनके मकान में प्रवेश द्वार हैं। एक पर किवाड़ लगी हैं। दूसरे दरवाजे को उन्होंने ईंटें लगाकर बंद कर दिया है। कुश की तलाश के दौरान इस दरवाजे पर लगी ईंटें हटी हुई मिलीं। उन्होंने शक जताया कि चोर इसी रास्ते से आया होगा।
रूपराम ने इंस्पेक्टर को बताया कि तीन दिन पहले गांव का ही एक व्यक्ति उनके घर आया था। उसने रूपराम से उनकी फैक्टरी में काम करने के बारे में पूछा। काफी देर तक घर में यहां-वहां देखता रहा। वह कहीं काम भी नहीं करता है। उसकी गतिविधियां भी संदिग्ध हैं।