लिपिक के घर चोरी
बाराबंकी। कोतवाली से चंद कदम पर शनिवार रात बेखौफ चोरों ने सीएमओ कार्यालय में तैनात सहायक लिपिक के बंद घर के दरवाजे का कुंडा तोड़कर लाखों का सामान उड़ा दिया। सुबह घटना की जानकारी पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। वारदात के बाद क्राइम ब्रांच व कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की पर चोरों का पता नहीं लग सका है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सीएमओ कार्यालय में प्रधान सहायक लिपिक के पद पर तैनात अशोक कुमार द्विवेदी शनिवार रात अपनी पत्नी रजनी व पुत्री मानसी के साथ लखनऊ एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। सीएमओ कार्यालय में ही पीछे बने अशोक के आवास में ताला बंद था। रविवार सुबह पड़ोसी अखिलेश नारायण मिश्रा ने फोन कर अशोक को बताया कि उनके घर में दरवाजे के कुंडे टूटे पड़े है और लगता है कि घर में चोरी हो गई है। इसके कुछ देर बाद पहुंचे अशोक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को बताया कि घर में 5 लाख रुपये कीमत के सोने, चांदी के जेवरात व लाखों कीमत का सामान रखा था जो चोरी हो गया है। घटना के बाद कोतवाल शशीकांत मिश्रा व क्राइम ब्रांच की टीम ने पहुंचकर मौके का जायजा लिया। कोतवाल का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।