{"_id":"125-71725","slug":"Barabanki-71725-125","type":"story","status":"publish","title_hn":"तमंचे के बल पर मुनीम से 45 हजार की लूट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तमंचे के बल पर मुनीम से 45 हजार की लूट
Barabanki
Updated Sat, 28 Dec 2013 05:44 AM IST
विज्ञापन
सतरिख (बाराबंकी)। जिले में बाइक सवार बदमाशों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सतरिख क्षेत्र में बुधवार देर रात एक गल्ला व्यापारी के बाडे़ पर मौजूद मुनीम से बाइक सवार बदमाशों ने 45 हजार रुपये लूट लिए और भाग गए। पीड़ित की शिकायत के बाद भी पुलिस ने घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। शहर कोतवाली के सरावगी मोहल्ला निवासी गल्ला व्यवसायी राजेंद्र गुप्ता का सतरिख थाना क्षेत्र के पचासी गांव में बाड़ा है। बुधवार देर रात बाड़े पर मुनीम सुदर्शन मौजूद था। तभी रात करीब 11 बजे वहां पहुंचे बाइक सवार दो बदमाश मुनीम पर तमंचा तान उसके पास मौजूद 45 हजार रुपये की नकदी लूट कर भाग गए। व्यापारी व मुनीम ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की पर आरोपियों का सुराग नहीं लगा। इसके बाद भी पुलिस ने घटना की जानकारी से ही इंकार किया है। थानाध्यक्ष हरिलाल कर्दम का कहना है उनके क्षेत्र में लूट की कोई घटना ही नहीं हुई है। पुलिस की इस लापरवाही से लोगों में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन