‘नोट’ के बाद अब ‘वोट’ के लिए 50 दिन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। आठ नवंबर को नोटबंदी के बाद अगले 50 दिन काफी अहम हो गए थे। लोगों ने बमुश्किल एक-एक दिन गुजारा। अब वह 50 दिन पूरा होते ही बुंदेलखंड के बाशिंदों को फिर ‘50 दिन’ मिले हैं। फर्क बस इतना है कि तब ‘नोट’ की बात थी और अब ‘वोट’ की। विधान सभा चुनाव की तारीखें बुधवार को घोषित हो गईं। बुंदेलखंड की सभी 19 विधान सभा सीटों पर मतदान चौथे चरण में 23 फरवरी को होगा। यानि पूरे 50 दिन बाद। नोट बैंकों में जमा हुए थे और वोट ईवीएम में जमा होंगे। चौथे चरण में 23 फरवरी को बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, जालौन, झांसी और ललितपुर में वोट पड़ेंगे। बांदा जनपद में सदर समेत तिंदवारी, बबेरू व नरैनी सीटों पर मतदान होगा।
चित्रकूट में कर्वी व मानिकपुर, महोबा में महोबा सदर व चरखारी, हमीरपुर में हमीरपुर सदर व राठ, जालौन में उरई, कालपी व माधौगढ़, ललितपुर में ललितपुर व महरौनी और झांसी जनपद में झांसी सदर समेत बबीना, मऊरानीपुर व गरौठा सीटों पर चुनाव होंगे। 2012 के चुनाव में बुंदेलखंड की 19 सीटों में सपा और बसपा का पलड़ा भारी रहा। दोनों को 7-7 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस के 4 और भाजपा का एक मात्र विधायक हुआ। बांदा सदर से विवेक कुमार सिंह (कांग्रेस), बबेरू से विशंभर सिंह यादव (सपा), नरैनी से जीसी दिनकर (बसपा) व तिंदवारी से दलजीत सिंह (कांग्रेस) विधायक हैं। चित्रकूट की कर्वी सीट से वीर सिंह (सपा) व मानिकपुर से चंद्रभान पटेल (बसपा), महोबा में महोबा सीट से राजनारायण बुधौलिया (बसपा) व चरखारी से उर्मिला राजपूत (सपा), हमीरपुर से शिवचरन प्रजापति (सपा) व राठ से गयादीन अनुरागी (कांग्रेस), जालौन में उरई से दयाशंकर (सपा), कालपी से उमाकांती (कांग्रेस) व माधौगढ़ से संतराम (बसपा), ललितपुर में ललितपुर रमेश प्रसाद कुशवाहा (बसपा) व महरौनी से फेरनलाल (बसपा) और झांसी में झांसी से रवि शर्मा (भाजपा), बबीना से कृष्णपाल राजपूत (बसपा), मऊरानीपुर से डा. रश्मि आर्या (सपा) व गरौठा सीट से दीपनारायण यादव (सपा) विधायक हैं।