बबेरू (बांदा)। कस्बे के बांदा रोड में मध्य कृषक सेवा समिति के जर्जर भवन को शुक्रवार को प्रशासन ने बुलडोजर से गिरवा दिया। इस भवन में रहने वाले परिवार की महिलाएं इसके विरोध में एसडीएम से भिड़ गईं। महिला पुलिस बुलवाकर उन्हें रोका गया। महिलाओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष पर बिना नोटिस दिए भवन गिरवाने का आरोप लगाया है।
बांदा रोड में मध्य कृषक सेवा सहकारी समिति का जर्जर भवन है। शुक्रवार को दोपहर एसडीएम व सीओ भारी पुलिस फोर्स के साथ करीब चार बुलडोजर लेकर पहुंच गए। भवन में 50 वर्षों से काबिज परिवार की महिलाएं एसडीएम के सामने कागज लेकर न्याय की गुहार लगाती रही, लेकिन बुलडोजर से बिल्डिंग को जमींदोज कर दिया गया। वहीं, महिलाओं ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल के इशारे पर बिना नोटिस दिए मकान को भारी पुलिस बल की मौजूदगी पर ध्वस्त कर दिया गया। मध्य कृषक सेवा सहकारी समिति की पुरानी बिल्डिंग का मुकदमा चल रहा था। शुक्रवार को बिना नोटिस एवं सूचना के अपर जिला सहकारी सेवा समिति के अरुण कुमार तिवारी, सचिन, जितेंद्र सिंह भदौरिया आदि की मौजूदगी में तीन बुलडोजर के साथ जर्जर भवन ढहा दिया गया। एसडीएम रजत वर्मा, नायब तहसीलदार राहुल गौरव से महिलाओं की तीखी नोंकझोंक हुई। इस बीच एसडीएम ने महिला पुलिस के जरिए महिलाओं को हटवाया। अजय कुमार पांडेय व उनकी परिवार की महिलाएं मंजरी पांडेय व प्रीति पांडेय लगातार विरोध करती रहीं, लेकिन अधिकारी नहीं माने। महिलाओं ने कहा कि उन्हें अपना घर-गृहस्थी निकालने तक का मौका नहीं दिया गया। बारिश के मौसम में वह खुले आसमान के नीचे हैं।