{"_id":"28a4181c652faa33ffcc80d4218d77e2","slug":"the-52-teams-will-cobra-police-protection-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस की 52 कोबरा टीमें करेंगी सुरक्षा, शहर में जगह-जगह लगाए जाएंगे सीसी कैमरे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस की 52 कोबरा टीमें करेंगी सुरक्षा, शहर में जगह-जगह लगाए जाएंगे सीसी कैमरे
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Fri, 20 Feb 2015 11:36 PM IST
विज्ञापन
शहर को सुंदर, साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और व्यापारी तथा जन प्रतिनिधियों ने एक साथ बैठक कर मंथन किया। जनपद में सुरक्षा के लिए बन रही पुलिस की 52 ‘कोबरा टीम’ रात-दिन गश्त करेंगी। सीसी कैमरे भी लगेंगे।
विज्ञापन
यूं तो शहर को सुंदर और सुरक्षित बनाने के लिए कई बार प्रशासन और जन प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठकें हुई हैं पर नतीजा कुछ खास नहीं रहा। एक बार फिर यही प्रयास हुआ है। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में डीएम और एसपी की मौजूदगी में संयुक्त बैठक हुई।
विज्ञापन
डीएम सुरेश कुमार ने भरोसा दिलाया कि बांदा शहर और जनपद के अन्य इलाकों को सुरक्षित और बढ़िया किया जाएगा। शहर मे जगह-जगह सीसी कैमरे लगेंगे। सर्राफा क्षेत्रों में विशेषकर कैमरे लगवाएं जाएंगे। शहर को सुंदर बनाने के लिए नागरिकों की मदद जरूरी है।
विज्ञापन
डीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और पुलिस मिलकर कुछ ऐसा करेगी कि हर व्यक्ति अपने को सुरक्षित महसूस करे। डीएम ने मैरिज हाल मालिकों को खबरदार किया शादी या अन्य अवसरों पर हर्ष फायरिंग हरगिज न होने दें।
एसपी राकेश शंकर ने हर्ष फायरिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ बताया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 52 कोबरा टीमें बनाई जा रही है। यह 12-12 घंटे की पाली में गश्त करेंगी। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि किसी आकस्मिक घटना पर ‘100’ नंबर के जरिए कोबरा टीम को सूचना दें।
व्यापारी नेता संतोष गुप्ता ने कहा कि शहर में लगाए गए सीसी कैमरे शोपीस हैं। इन्हें दुरुस्त किया जाए और इनकी रिकार्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था हो। सड़कों को चौपट कर रहे ओवरलोड ट्रकों पर रोक लगे। बाजार में कई जगहों पर बाइकों की अवैध पार्किंग रोकी जाए। मंडी समिति में रात को रोशनी और पुलिस गश्त हो।
पीलीकोठी के पास रोजाना लग रहे जाम से राहगीरों को निजात मिले। बैठक में नगर पालिका चेयरमैन विनोद जैन, अपर एसपी आशुतोष शुक्ला, सिटी मजिस्ट्रेट केएस पांडेय, सीओ प्रभात कुमार आदि शामिल रहे।