अंधेर के आंकड़े : नहरों के टेलों तक पानी ही पानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। बुंदेलखंड के बांध ‘डेड स्टोर’ हो चुके हैं। नहरें सूखी पड़ी हैं। इसके बावजूद सिंचाई विभाग ने चित्रकूटधाम मंडल में रबी की फसल को भरपूर पानी उपलब्ध कराने की आंखों में धूल झोंकने वाली रिपोर्ट भेज दी। बांधों के लबालब होने पर जब नहरें पूरी क्षमता से चलती हैं तब तो टेल तक पानी पहुंचता नहीं, लेकिन सिंचाई विभाग ने रबी के रोस्टर में 146 टेलाें तक पानी पहुंचाने का आंकड़ा परोसा है। विभाग के मुताबिक उनका लक्ष्य 141 टेलों तक पानी पहुंचाना था। इसी आधार पर 100 फीसदी से अधिक लक्ष्य पूरा करने का दावा किया है।
रबी मेें किसान पूरे समय पानी की हायतौबा करते रहे इक्का-दुक्का कुदरती बारिश ने ही खेतों को कुछ नमी दी। टेल तो दरकिनार मुख्य नजरों में भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा। इसके बावजूद सिंचाई विभाग ने चित्रकूटधाम मंडल में नहरों की टेल फीडिंग 100 प्रतिशत से भी ज्यादा बताई है। हैरत की बात यह है कि यह आंकड़ा मुख्यमंत्री की बैठक से संबंधित बनाई गई सूचना में भेजा गया है।
पूरे मंडल में नहरों में कुछ 676 टेल बताए गए हैं। रबी में 141 टेलों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। सिंचाई विभाग के आंकड़ों में 31 मार्च तक 146 टेलों में पानी पहुंचाकर लक्ष्य 100 प्रतिशत या उससे भी ज्यादा हासिल कर लिया गया है।
उधर, इस बारे में सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता दिनेश सिंह सचान से संपर्क करना चाहा गया तो उनके कार्यालय से बताया गया कि वह मंत्री जी की बैठक में लखनऊ में हैं। मोबाइल फोन उन्होंने रिसीव नहीं किया। श्री सचान के पास बांदा के साथ मैनपुरी का भी चार्ज है। ऐसे मेें सूखे से जूझ रहे बुंदेलखंड में सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण विभाग के अधीक्षण अभियंता यहां पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं।
सूखे पड़े खेतों को नहरों से सींचने के कागजी आंकड़ों में सिंचाई विभाग ने बांदा जनपद में केन नहर प्रखंड ने अपने कुल 169 टेल में निर्धारित लक्ष्य 11 टेल में पानी पहुंचाने का दावा किया है। सिंचाई प्रखंड तृतीय ने 15 टेल में एक और लघु डाल नहर खंड ने 26 में सभी 26 टेलों तक पानी पहुंचाने की रिपोर्ट दी है।
चित्रकूट जनपद में सिंचाई प्रखंड कर्वी ने 88 टेल में निर्धारित लक्ष्य 9 के विपरीत 17 टेल तक पानी पहुंचाकर 189 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति का दावा किया है। सिंचाई निर्माण खंड कर्वी ने 8 में निर्धारित लक्ष्य 2 टेल मेें पानी पहुंचाकर 33 फीसदी लक्ष्य पूर्ति बताई है।
लघु डाल नहर खंड ने 33 में सभी 33 टेल तक पानी पहुंचाने का आंकड़ा परोसा है। महोबा में सिंचाई प्रखंड ने 83 टेल में एक भी टेल तक पानी नहीं पहुंचाया। सपरार प्रखंड झांसी ने 14 टेल में 8 टेल तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
दावा किया है कि लक्ष्य के मुताबिक 8 टेलों में पानी पहुंचाया। मौदहा बांध निर्माण खंड प्रथम एक भी टेल में पानी नहीं पहुंचाया। हमीरपुर मेें सिंचाई प्रखंड ने 32 टेल में एक भी टेल तक पानी नहीं पहुंचाया। यहां सपरार प्रखंड ने कुल 56 टेल के सापेक्ष 13 टेल का लक्ष्य तय किया था।
इसमें शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने का दावा किया गया है। बेतवा नहर प्रखंड प्रथम उरई ने 12 टेल में एक भी टेल तक पानी नहीं पहुंचाया। इसी तरह मौदहा बांध निर्माण खंड हमीरपुर ने कुल 101 टेल में एक भी टेल तक पानी नहीं पहुंचाया। लघु डाल नहर खंड में 38 टेलों में 35 का लक्ष्य निर्धारित किया था। दावा किया है कि लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति हुई है।