दर्दनाक: मां मैंने जहर खा लिया...बोलकर किशोरी ने तोड़ा दम, कोतवाल बोले- परिजन नहीं बता सके हैं ठोस वजह
Banda News: पिता मिजाजी अहिरवार ने बताया कि पूजा तीन पुत्रियों व एक पुत्र में दूसरे नंबर की थी। घर में ही रहती थी। उसकी किसी से कोई बात भी नहीं हुई। किसी ने डांटा फटकारा भी नहीं। उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया उन्हें नहीं पता।
विस्तार
बांदा जिले में एक किशोरी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ (जहर) खा लिया। इसके बाद उसने मां को इसकी जानकारी दी तो परिजन उसे अस्पताल लेकर भागे। वहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ तो परिजन उसे घर ले गए। लेकिन दोबारा हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल गए, यहां उसने दम तोड़ दिया।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के हनुखेड़ा गांव निवासी पूजा (16) ने शुक्रवार की देर शाम घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह मां गीता के पास पहुंची और बताया कि उसने जहर खा लिया है। परेशान परिजन उसे लेकर गौरिहार अस्पताल पहुंचे। वहां रात भर उसे भर्ती रखा गया।
सुबह उसकी हालत में सुधार होने पर परिजन घर ले गए। लेकिन, शनिवार की शाम फिर से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे गौरिहार अस्पताल में दिखाया तो डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। जिला अस्पताल में रात के समय उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया।
आत्मघाती कदम क्यों उठाया, नहीं पता
पिता मिजाजी अहिरवार ने बताया कि पूजा तीन पुत्रियों व एक पुत्र में दूसरे नंबर की थी। घर में ही रहती थी। उसकी किसी से कोई बात भी नहीं हुई। किसी ने डांटा फटकारा भी नहीं। उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया उन्हें नहीं पता। पिता ने बताया वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि परिजन ठोस वजह नहीं बता सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।