बांदा। प्रवासी पति से मोबाइल पर बात करने के कुछ देर बाद महिला किसान ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। परिजन घटना की वजह आर्थिक तंगी बता रहे हैं। उधर, अलग-अलग घटनाओं में किशोर और युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव में शिवप्यारी (50) ने शनिवार को दोपहर घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बिसंडा पीएचसी ले गए। वहां से रेफर करने पर घरवाले उसे जिला अस्पताल ला रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना देने के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। महिला के बेटे अमर ने बताया कि पिता राजाराम पटेल पांच माह से सूरत (गुजरात) में हैं। शनिवार को सुबह पिता से फोन पर मां ने बात की और कुछ देर बाद कमरे में जाकर जहर खा लिया। पुत्र का कहना है कि पिता के नाम पांच बीघा जमीन है। मां खेतीबाड़ी करती थी। आर्थिक संकट है। पुत्र के मुताबिक शिवप्यारी उसकी शादी के लिए भी चिंतित थी। उधर, शहर के मर्दन नाका में ओम प्रकाश ने शुक्रवार की रात घर में जहर खा लिया। अन्य घटना में करछा (मटौंध) गांव में आयुष ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन घटना की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (संवाद)