होर्डिंग्स-बैनर हटे, चौराहे साफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव तिथि घोषित करते ही प्रशासन हरकत में आ गया। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की टीमों ने चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर लगीं राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों के होर्डिंग्स व बैनर हटवा दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे समेत शहर और गांवों की सड़कें होर्डिंग्स, पोस्टर व बैनरों से पटी थीं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अधिकारियों ने सर्वे कर पहले से होर्डिंग्स-बैनर वाले स्थलों को चिह्नित कर लिया था। सिर्फ आचार संहिता लागू होने का इंतजार था। बुधवार को निर्वाचन आयोग की घोषणा होते ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की टीमें शहर और गांवों की तरफ निकल गई।
बुधवार को अपर जिलाधिकारी गंगाराम गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट रामेश्वरनाथ तिवारी, एसडीएम सदर प्रहलाद सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मायाराम वर्मा, क्षेत्राधिकारी डा. राकेश कुमार मिश्र (नगर), अजय सिंह चौहान (सदर), नगर पालिका परिषद अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर लगीं राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की होर्डिंग्स-बैनर हटाए। राष्ट्रीय राजमार्ग से एनएच विभाग, स्टेट हाईवे से पीडब्ल्यूडी और बिजली खंभों में लगे बैनर-होर्डिंग्स बिजली विभाग की टीम ने उतारे। नरैनी में उप जिलाधिकारी सीएल सोनकर व प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शरीफ के नेतृत्व में नगर पंचायत की टीमों ने होर्डिंग्स-बैनर हटवाए। ओरन में भी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में प्रचार सामग्री हटवाई गईं। बबेरू में उप जिलाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद यादव और क्षेत्राधिकारी सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत टीम ने सड़कों, चौराहों व अन्य स्थलों में लगे पोस्टर-बैनर हटाए।