कमासिन (बांदा)। खाद न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने कस्बे की सड़क जाम कर हंगामा का दिया। पुलिस के समझाकर करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया।
कमासिन सहकारी समिति में खाद के लिए किसानों की रोज लाइन लग रही है। शनिवार सुबह ही किसान पहुंच गए। समिति कर्मचारियों ने लाइन लगवाकर खाद का वितरण शुरू किया। लेकिन दो घंटे में खाद खत्म हो गई और दर्जनों किसान खाली हाथ रह गए। नाराज किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया और नारेबाजी की।
किसानों का आरोप है कि जिला प्रशासन ने प्रत्येक समिति में एक-एक ट्रक खाद भेजी है। इसके बाद भी किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। किसान हनुमान, अशोक, राममनोहर, दयाराम, मइया दीन आदि ने बताया कि पलेवा किए कई दिन हो गए है टॉपड्रेसिंग के लिए यूरिया की जरूरत है। लेकिन यूरिया नहीं मिल पा रही । चेतावनी दी कि जल्द खाद की व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।